मुख्य सूचना आयुक्त बने यशवर्धन कुमार सिन्हा

नयी दिल्ली। यशवर्धन कुमार सिन्हा ने आज मुख्य सूचना आयुक्त के रुप मे शपथ ली। राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने श्री सिन्हा को शपथ दिलाई।
उल्लेखनीय है कि गत 26 अगस्त को बिमल जुल्का का कार्यकाल समाप्त होने के बाद से ही मुख्य सूचना आयुक्त का पद रिक्त था। सिन्हा ने एक जनवरी 2019 को सूचना आयुक्त का पद संभाला था। वह ब्रिटेन और श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त रह चुके हैं। मुख्य सूचना आयुक्त के रुप में 62 वर्षीय सिन्हा का कार्यकाल तकरीबन तीन वर्षों का होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय समिति द्वारा सिन्हा का चयन किया गया। इस समिति में मोदी के अलावा लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी और गृह मंत्री अमित शाह सदस्य हैं। सिन्हा के अलावा इस समिति ने पत्रकार उदय माहुरकर, पूर्व श्रम सचिव हीरा लाल सामारिया और पूर्व उप नियंत्रण एवं महालेखा परीक्षक सरोज पुन्हानी को सूचना आयुक्त के रूप में नियुक्त करने को मंजूरी दी। माहुरकर, सामारिया और पुन्हानी के शामिल होने के साथ ही सूचना आयुक्तों की संख्या बढ़कर सात हो जाएगी जबकि उनकी स्वीकृत क्षमता दस है। इस समय वनाजा एन सरना, नीरज कुमार गुप्ता, सुरेश चंद्र और अमिता पांडोवे अन्य सूचना आयुक्त हैं। माहुरकर एक प्रमुख मीडिया संस्थान के साथ वरिष्ठ उप संपादक के तौर पर काम कर चुके हैं। सामारिया तेलंगाना कैडर के 1985 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। वह सितंबर में श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के सचिव के तौर पर सेवानिवृत्त हुए थे। पुन्हानी, 1984 बैच के भारतीय लेखा परीक्षा एवं लेखा सेवा (आईएएस) अधिकारी रहे हैं।

Visits: 59

Leave a Reply