आपस में उलझे नायब तहसीलदार और थानाध्यक्ष

जौनपुर। जिले के मुंगराबादशाहपुर थाना परिसर में थाना समाधान दिवस में आज अजीबोगरीब स्थिति बन गयी और फरियादीगण व मौजूद कर्मचारीगण हक्का बक्का रह गये।
बताया गया किपं शनिवार को थाने में आयोजित थाना समाधान दिवस में नायब तहसीलदार मान्धाता सिंह राजस्व कर्मचारियों के साथ फरियाद सुन रहे थे। इसी दौरान थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह पहुंचे और उन्होंने नायब तहसीलदार से कहा कि यह प्रभारी की कुर्सी है। इस पर आप कैसे बैठ गए। इस पर नायब तहसीलदार ने कहा कि मैं यहां थाना दिवस प्रभारी बनाकर ही भेजा गया हूं। यह सुनते ही थानाध्यक्ष बिफर पड़े और दोनों के बीच जमकर तू-तू, मैं-मैं हुई। नायब तहसीलदार ने थानाध्यक्ष के दुर्व्यवहार की जानकारी जिलाधिकारी को दी। थानाध्यक्ष के व्यवहार से आक्रोशित नायब तहसीलदार मान्धाता सिंह और राजस्व कर्मचारीगण थाना छोड़कर चले गए।
इस संदर्भ में नायब तहसीलदार मान्धाता सिंह ने थानाध्यक्ष पर उनके साथ दुर्व्यवहार करने और अपशब्द कहने का आरोप लगाया तो थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने दुर्व्यवहार और अपशब्द की बात को सिरे से नकार दिया।
इस प्रकरण पर एसडीएम मछलीशहर अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि नायब तहसीलदार ने थाने में अपने साथ हुए अभद्र व्यवहार की जानकारी दी है। दोनों पक्षों से वार्ता की जा रही है। कार्रवाई के लिए जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को प्रेषित की जायेगी।


Views: 8

Advertisements

Leave a Reply