ऐसी लागी लगन – चांदनी हो गई मगन…..

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश का बिहार प्रांत से गहरा नाता रहा है। पड़ोसी होने के नाते गाजीपुर के लोगों का बिहार से रोटी बेटी का भी संबंध प्राचीन काल से ही रहा है।
इसका जीता जागता उदाहरण कल मंगलवार को जिले के नोनहरा थाना क्षेत्र के मिरदादपुर गांव में एक बार फिर नजर आया, जब बिहार के बक्सर की बिटिया चांदनी दुल्हन बनकर मिरदादपुर गांव आ पहुंची।
बताते चलें कि फिल्मी कहानी की भांति यह कहानी भी कम दिलचस्प नहीं रही। कहा गया कि मीरदादपुर निवासी नवीन कुमार गुप्ता पुत्र राम जी गुप्ता का ननिहाल बिहार प्रांत के बक्सर जिले में है। दोनों परिवारों के बीच बराबर आना जाना होता रहा है। करीब तीन वर्ष पूर्व उसी बक्सर की बिटिया चांदनी परीक्षा देने के लिए मिरदादपुर गांव आई हुई थी। मिरदादपुर में निवास के दौरान ही उसकी आंखें नवीन से टकराई और फिर दोनों की जान पहचान धीरे धीरे प्यार मोहब्बत तक जा पहुंची और दोनों का प्रेम प्रगाढ़ होता गया। गाहे-बगाहे दोनों चोरी-छिपे मिलकर भविष्य के सुखद सपने संजोते रहे। सब कुछ देखते हुए समय अपनी रफ्तार से चलता रहा।
इसी बीच अभी कुछ समय पहले नवीन के परिजनों ने नवीन की शादी कहीं अन्यत्र तय कर दी। जैसे ही इसकी भनक चांदनी को लगी तो उसने अपने चांद पर ग्रहण लगते देख, वह अपने आप को रोक न सकी। वह किसी भी कीमत पर यह बर्दाश्त करने को तैयार नहीं थी कि उसके चांद पर कोई अन्य नजर गड़ाए। चांदनी ने नवीन की सूचना अपने परिवार को देकर अपनी वास्तविकता से अवगत कराया। चांदनी के परिजन सारी हकीकत जान बिहार की सीमा लांघ सीधे मिरदादपुर आ धमके और फिर दोनों पक्षों में शुरू हुआ वार्तालाप नोकझोंक तक जा पहुंचा। नवीन के परिजन किसी भी कीमत पर चांदनी के साथ उसकी शादी को राजी नहीं हो रहे थे। काफी प्रयास के बावजूद मामला बिगड़ते देख चांदनी के परिजनों ने क्षेत्रीय पुलिस का दरवाजा खटखटाया। पुलिस ने सामाजिक रूख अख्तियार करते हुए दोनों पक्षों को समझाया। दोनों पक्ष पंचायत को राजी हो गये। पंचायत में काफी प्रयास के बाद ग्राम प्रधान व सम्मानित जनों की उपस्थिति में दोनों पक्ष शादी को राजी हो गये।

क्षेत्र के कठवा मोड़ के पवित्र राम मंदिर में मंगलवार को मंगल कामना के साथ दोनों शादी के पवित्र बंधन में बंध गये। पचासों लोगों की उपस्थिति में संपन्न इस नवविवाहित जोड़े को मंगलमय जीवन का आशीर्वाद देकर लोगों ने उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर महेंद्र कुशवाहा, ग्राम प्रधान द्वय महेंद्र यादव व सुरेश यादव,जोगी यादव सहित दोनों पक्षों के लोग उपस्थित रहे।

Visits: 298

Leave a Reply