लूट की बाइक संग तीन लूटेरे गिरफ्तार
गाजीपुर। जमानियां थाना पुलिस ने लूट की घटना के महज 12 घंटे के भीतर ही लूट की बाइक बरामद करते हुए तीन लुटेरों को धर दबोचा। उक्त जानकारी पुलिस अधीक्षक डा,ओमप्रकाश सिंह ने पत्रकार वार्ता में दी है।
बताया गया है कि आज प्रातः थाना प्रभारी अपराधियों की खोज में हमराहियों के साथ बरुइन की ओर चक्रमण कर रहे थे। उसी दौरान सूचना मिली कि कुछ शातिर लुटेरे बाइक से बरुइन नहर पुलिया से होते हुए किसी अपराधिक घटना को अंजाम देने जा रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम शीघ्र ही बरुइन नहर पुलिया पर जा धमकी और वहां पहुंचकर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद एक बाइक पर तीन लोग आते दिखे तो पुलिस ने उन्हें रोकने का इशारा किया। इस पर वे बाइक की रफ्तार तेज कर भागने की कोशिश की,परंतु चौकन्नी पुलिस टीम के घेराबंदी कर पकड़ लिया। उन्होंने बाइक की नंबर प्लेट पर मिट्टी पोत कर उसे बिगाड़ दिया था ताकि उसका नंबर पढ़ने में न आ सके। पुलिस ने जब बाइक के कागजात मांगे तो वे दिखाने में असमर्थ रहे। कड़ाई से पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने कल इस बाइक को असैचंद्रपुर पुलिया से लूटी थी। उन्होंने कहा कि अपना शौक पूरा करने के लिए हमने लूट की घटना की थी। गिरफ्तार अभियुक्तों में सौरभ सिंह पुत्र अवध बिहारी सिंह, वरुण यादव पुत्र दयाशंकर यादव निवासी बरुइन थाना जमानिया तथा अजय प्रताप सिंह पुत्र बैरिस्टर सिंह निवासी धुस्का थाना जमानिया जनपद गाजीपुर रहे। पुलिस ने तीनों अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही करते हुए जेल भेज दिया। लुटेरों को गिरफ्तार कर लूट की बाइक बरामद करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी राजीव सिंह, उपनिरीक्षक मंशा राम गुप्ता व राजीव कुमार तिवारी, मुख्य आरक्षी अशोक पांडेय,आरक्षीगण फुजैल व बलवंत सिंह शामिल रहे।
Views: 10








