नवनिर्मित सैप्टिक टैंक में घुसे छह लोगों की मौत
देवघर (झारखंड)। बैजनाथ धाम के लिए प्रसिद्ध देवघर जिले के देवीपुर प्रखंड में आज रविवार को हुए हादसे में मकानमालिक व उनके भाई सहित छह लोगों की मौत हो गयी। बताया गया कि यह हादसा नवनिर्मित एक सैप्टिक टैंक में दम घुटने से हुआ। मकान मालिक व उसके भाई सहित छह लोगों की मौत में चार मजदूर शामिल हैं। मजदूरों में एक ही परिवार के एक पिता और उनके दो पुत्र शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार देवीपुर मुख्य बाजार के पास ब्रजेश चंद बरनवाल ने नया सैप्टिक टैंक का निर्माण कराया था। आज रविवार को सुबह सेंट्रिंग खोलने के लिए एक मजदूर नवनिर्मित टंकी में उतरा परन्तु और काफी देर तक बाहर नहीं निकला तो फिर दूसरा मजदूर टंकी में उतर गया और वह भी वापस नहीं आया। इसके बाद एक-एक कर दो अन्य मजदूर भी अंदर गए और बाहर नहीं निकले तो मकान मालिक ब्रजेश चंद बरनवाल 48 वर्ष और उनके भाई मिथिलेश चंद बरनवाल 42 वर्ष भी टंकी में उतर गए परन्तु वे भी बाहर नही निकले।
किसी अनहोनी की आशंका से लोगों इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने जेसीबी की मदद से टंकी को तोड़कर बेहोशी की हालत में मिले सभी छह लोगों को बाहर निकाल एंबुलेंस से सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
घटना में मरने वालों में देवीपुर थाना क्षेत्र के कोल्हड़िया गांव निवासी गोविंद मांझी 48 वर्ष, उनके पुत्र बबलू मांझी 26वर्ष व लालू मांझी 24वर्ष व पिरहा कट्टा निवासी लीलू मुर्मू 27वर्ष शामिल है।
अस्पताल में सभी छह लोगों की मृत्यु की जानकारी मिलते ही वहां हाहाकार मच गया और मृतक के परिजनों के करुण क्रन्दन से पूरा माहौल गमगीन हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर उपायुक्त कमलेश्वर प्रसाद भी सदर अस्पताल पहुंचे और परिजनों, पुलिस अधिकारियों और डॉक्टरों से जानकारी प्राप्त की। उपायुक्त ने घटना को दुखद बताते हुए मृतकों के परिवारों को सरकारी प्रावधान के अनुसार सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
Views: 9








