दोषी पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज शासन ने किया निलंबित

गाजीपुर।नगसर थानान्तर्गत नुरपुर निवासी सेवानिवृत्त फौजी अजय पांडेय एवं उनके परिजनों पर हुए पुलिसिया उत्पीड़न पर अन्ततः दोषी करार देते हुए शासन ने उस समय के थानाध्यक्ष, एक उपनिरीक्षक सहित पांच पुलिसकर्मियों को निलम्बित कर दिया। बताते चलें कि अजय पांडेय के घर तेरहवीं के कार्यक्रम के दिन क्षेत्रीय पुलिस ने उनके घर पहुंचकर तांडव किया और उनके परिजनों को थाने लाकर अत्यंत घृणित रूप से यातनाएं दी। पुलिस की इस निरंकुशता से ग्रामवासियों सहित विभिन्न राजनीतिक दलों व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कड़ी भर्तसना करते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की मांग की। कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने नूरपुर पहुंच पीड़ित परिवार से मिलकर सारी स्थिति जानी। पीड़ितों के शरीर के विभिन्न हिस्सों पर लगी गहरी चोटों को दिखाते हुए पुलिसिया उत्पीड़न की कहानी बयां की। पीड़ितों ने घटना की पूरी जानकारी पोर्टल के जरिए मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ को दी। शासन ने पूरी घटना को संज्ञान में लेते हुए जिला अधिकारी से उस पर आख्या मांगी और मामले को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने संज्ञान मे लिया था । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर दो अगस्त को उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री आनन्द स्वरूप शुक्ल भाजपा जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह के साथ पीड़ित परिवार से उनके घर जाकर मिले थे और पीड़ितों से मिलकर उनकी सारी स्थिति जानकार शासन को अवगत कराया। जिले के प्रभारी मंत्री आनन्द स्वरूप शुक्ला ने फोन पर जानकारी देते हुए बताया कि मामले के आरोपित तत्कालीन थानाध्यक्ष रमेश कुमार एवं उप निरीक्षक कृष्णा यादव सहित तीन आरक्षियों को शासन ने प्रभारी मंत्री द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को दिये गये रिपोर्ट के आधार पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।


Views: 8

Advertisements

Leave a Reply