नहीं रहे सपा नेता व पूर्व मंत्री पारसनाथ यादव

जौनपुर,12 जून 2020। जिले के समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता व मुलायम सिंह यादव के करीबी पूर्व मंत्री व मल्हनी विधायक पारसनाथ यादव का शुक्रवार को उनके शहर स्थित आवास पर निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही जिले में शोक की लहर दौड़ पड़ी। बताते चलें कि जौनपुर के बरसठी थाना क्षेत्र के कारो बनकट गांव निवासी पारसनाथ यादव वर्ष 1972 में बरसठी ब्लाक के गहरपुर ग्राम सभा से पहली बार ग्राम प्रधान चुने गए थे। उसके बाद सन् 1977 में पहली बार जिला पंचायत सदस्य बने। और सन् 1984 में पहली बार बरसठी विधानसभा से विधायक बने थे।
उल्लेखनीय है कि वे जौनपुर सदर लोकसभा सीट से दो बार समाजवादी पार्टी के सांसद रहे। पहली बार 1998 में सांसद बने और 1999 में उपचुनाव हुआ तो स्वामी चिन्मयानंद से हार गए। 2004 में तत्कालीन गृह राज्य मंत्री रहे स्वामी चिन्मयानंद को हरा कर उन्होंने 1999 की हार का बदला लिया था।
सपा में इनकी गिनती कद्दावर नेताओं में होती थी। उनके निधन की सूचना मिलते ही जिले में शोक की लहर दौड़ पड़ी। उनके जानने वाले लोग शोक व्यक्त करने के लिए टीडी कालेज रोड स्थित आवास पर तांता लगा रहा। ट्रैफिक व्यवस्था को बरकरार रखने के लिए जेसीज से ओलन्दगंज जाने वाले लोगों को रोक दिया गया था। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने स्व.पारस यादव के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने की सूचना दी है।

Visits: 94

Leave a Reply