पहचान! नये कलेवर में दिखेगी लद्दाख पुलिस

नई दिल्ली,25 मई 2020। कभी जम्मू कश्मीर के बैनर तले अपनी दिनचर्या पूरी करने वाले लद्दाख को अपनी स्वतंत्र पहचान मिल गयी है। लद्दाख के लोग अपनी स्वतंत्र पहचान से प्रफुल्लित हैं।
अब वर्तमान केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख की पुलिस जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्थान पर लद्दाख पुलिस के नए अंदाज में दिखेगी। लद्दाख पुलिस के जवानों और अधिकारियों के बाजू पर जहां हिम तेंदुआ का बैज होगा,वहीं उनका अपना झंडा और निशान होगा।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में लद्दाख एकीकृत जम्मू-कश्मीर राज्य का हिस्सा था और पूरे राज्य में पुलिस संगठन को “जेके पुलिस” कहा जाता था।
जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन अधिनियम लागू होने के बाद जम्मू-कश्मीर दो केंद्र शासित प्रदेशों जम्मू कश्मीर व लद्दाख में बांट दिया गया। इसके बाद दोनों क्षकेंद्र शासित प्रदेशों (जम्मू कश्मीर और लद्दाख) की प्रशासनिक व्यवस्था भी अलग अलग हो गई।
नयी व्यवस्था के अनुसार, दोनों केंद्र शासित प्रदेशों में क्षेत्रफल, आबादी व भौगोलिक स्थितियों के आधार पर बंटवारा पूर्ण हुआ। वाहनों के पंजीकरण में छह माह पूर्व से ही ‘जेके’ के स्थान पर लद्दाख को दर्शाते हुए’एलए’ का प्रयोग शुरू कर दिया गया था।
केंद्र शासित लद्दाख प्रदेश के पुलिस महानिरीक्षक एसएस खंडारे ने एक आदेश जारी कर पुलिस संगठन से जुड़े सभी दस्तावेजों, लैटर हेड, मुहरों में लद्दाख पुलिस लिखने हेतु आदेश जारी कर दिया। अब लद्दाख में पुलिस के समस्त बोर्ड, विभागीय वाहन, लेटर हेड, आधिकारिक स्टेशनरी, स्टैंप आदि पर लद्दाख पुलिस लिखा जायेगा।
बताते चलें कि उपराज्यपाल प्रशासन की मंजूरी के बाद शनिवार को पुलिस मुख्यालय ने समस्त स्थानों पर लद्दाख पुलिस दर्ज करने का आदेश जारी किया है।

Views: 50

Leave a Reply