बढ़ा कद !स्वास्थ्य मंत्री डा.हर्षवर्धन 22 मई को बनेंगे विश्व स्वास्थ्य संगठन कार्यकारी बोर्ड के अध्यक्ष

नई दिल्ली,20 मई 2020। वैश्विक महामारी कोरोना के संक्रमण को रोकने में काफी हद तक कामयाब रहने वाले भारत का कद विश्व स्तर पर बढ़ा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने भारत को एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए चुना है।
भारत के लिए यह अत्यन्त गर्व की बात है कि उसे एग्जिक्यूटिव बोर्ड का चेयरमैन देश चुना गया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन में भारत 22 मई को एग्जिक्यूटिव बोर्ड का चेयरमैन बनेगा। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डा. हर्षवर्धन 22 मई को विश्व स्वास्थ्य संगठन कार्यकारी बोर्ड के अध्यक्ष बनेंगे।

उल्लेखनीय है कि भारत दुनिया के उन महत्वपूर्ण दस देशों में है, जिन्हें अगले तीन वर्षों के लिए एग्जिक्यूटिव बोर्ड में स्थान दिया गया है।
भारत डब्ल्यूएचओ की इस संगठन में जापान का स्थान लेगा। अभी जापान के डॉ हिरोकी नाकाटानी एग्जिक्यूटिव बोर्ड के सदस्य हैं। भारत के अलावा इस बोर्ड में बोत्सवाना, कोलंबिया, घाना, गिनी-बिसाऊ, मेडागास्कर, ओमान, रिपब्लिक ऑफ कोरिया, रूस और ब्रिटेन को स्थान मिला है।
बताते चलें कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के इतिहास में पहली बार 18-19 मई को जेनेवा में टेलीकॉन्फ्रेन्सिन्ग के जरिये वर्ल्ड हेल्थ एसेम्बली आयोजित की गई थी। 194 देश ने भारत के प्रतिनिधित्व प्रस्ताव पर हस्ताक्षर कर सहमति व्यक्त की। इस एसेम्बली में दुनिया भर में अब तक 47 लाख लोगों को संक्रमित करने वाले और तीन लाख से ज़्यादा लोगों की जान लेने वाले कोरोना वायरस से प्रभावी ढंग से निपटने पर भी चर्चा हुई थी।
इसके साथ ही सदस्य देशों ने कोरोना संक्रमण रोकने में विश्व स्वास्थ्य संगठन की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने का फैसला लिया है।
भारत के पास ये अहम जिम्मेदारी उस वक्त आ रही है जब कोरोना वायरस को लेकर चीन और अमेरिका के बीच तल्खी है। कोरोना वायरस संक्रमण की सही जानकारी नहीं देने पर अमेरिका चीन से खफा है और इस मामले में कार्रवाई की मांग कर रहा है। ऑस्ट्रेलिया और कनाडा जैसे देश भी इस मामले चीन के खिलाफ जांच की मांग कर रहे हैं।

Visits: 56

Leave a Reply