सड़क हादसों में घायल एक श्रमिक की  मौत, तीन घायल

चित्रकूट, 13 मई 2020। चित्रकूट जिले के बरगढ़ थाना क्षेत्र के रीवा मार्ग में कलचिहा गांव के पास मंगलवार की शाम, सड़क किनारे बैठे चार प्रवासी मजदूरों को तेज रफ्तार लोडर ट्रक ने कुचल दिया, जिससे एक मजदूर की मौत हो गयी और तीन अन्य घायल हो गये।
पुलिस ने बुधवार को बताया कि लॉकडाउन के कारण छत्तीसगढ़ के रायपुर की एक गुड़ फैक्टरी में काम बंद हो जाने पर चार मजदूर वहां से साइकिल से अपने घर के लिए निकले थे। उन मजदूरों में सहारनपुर जिले के चपारी गांव का मजदूर मोहन 40 वर्ष और मुजफ्फरनगर जिले के पसीली गांव के उसके तीन मजदूर साथी राधेश्याम 40वर्ष, रामनिवास 54वर्ष और रवींद्र 54वर्ष थे।
साइकिल से चलते हुए, मंगलवार की शाम सभी मजदूर बरगढ़ क्षेत्र के रीवा मार्ग में कलचिहा गांव के पास सड़क किनारे पानी पीने के लिए बैठे थे, तभी प्रयागराज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार लोडर ट्रक ने उन्हें कुचल दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए मऊ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया और दुर्घटनाकारक लोडर और उसके चालक को पकड़ लिया। इलाज के दौरान जख्मी मोहन ने दम तोड़ दिया। मऊ सीएचसी के अधीक्षक डॉ. शेखर वैश्य ने बताया कि तीनों घायल खतरे से बाहर हैं, उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतक मोहन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।


Views: 3

Advertisements

Leave a Reply