कोविद 19 ! पूरा शहर हो रहा सेनेटाइज
गाजीपुर,13 अप्रैल 2020। नगर पालिका परिषद, सदर के अध्यक्ष प्रतिनिधि व पूर्व अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए नगर पालिका परिषद, गाजीपुर कमर कस कर तैयार है। लोगों से सोशल डिस्टेंस का पालन करने की अपील के साथ पूरे शहर में साफ-सफाई करवाने के साथ ही पूरे शहर को सेनिटाईज कराया जा रहा है। इसके साथ ही साथ शहर मेें नगर पालिका द्वारा सफाई अभियान चला कर व फॉगिंग कराकर शहर को संक्रमण से बचाव हेतु तैयार किया जा रहा है। कोरोना महामारी से युद्धस्तर पर लड़ी जा रही लड़ाई में नगर पालिका भी पूरी तरह तत्पर है।
उन्होंने कहा कि आज पूरा विश्व वैश्विक महामारी कोरोना से जूझ रहा है। इसको ध्यान में रखते हुए नगर के 25 वार्डो में बारी-बारी से फॉगिंग और सेनिटाईज करने का कार्य स्थानीय सभासदों की उपस्थिति में कराया जा चुका है। चार वाहनों के द्वारा चार लोगों द्वारा संचालित मशीनों के माध्यम से नगर के पच्चीसों वार्ड में सेनिटाईज का कार्य किया गया। वर्तमान में शहर में कोरोना से संक्रमित कोई केस नहीं है फिर भी एहतियात के तौर पर कल रविवार से नगर के सुभाषनगर व महात्मा गांधी वार्ड के प्रत्येक गलियों और प्रमुख सड़को पर सेनिटाईज करने का कार्य पुनः आरम्भ किया गया है। यह क्रमानुसार सभी वार्डो में जारी रहेगा। इस कार्य की मॉनिटरिंग नगरपालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल के साथ स्वयं भी कर रहें है। इसके साथ ही नगरपालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने लोगों से स्वयं व परिवार की सुरक्षा के लिए लॉकडाउन का पालन करते हुए घरों में रहने की अपील की गयी। उन्होंने कहा कि घरों में रहकर कोरोना को हराने और भारत की जीत सुनिश्चित करने का काम सभी कर सकते है। इस अवसर पर स्थानीय सभासद सोमेश मोहन राय व कमलेश श्रीवास्तव सहित अधिकरी व सफाई निरीक्षक आदि उपस्थित रहे।
Views: 2









