प्रदेश में कोरोना से हुई दूसरी मौत
लखनऊ, 01 अप्रैल 2020। कोरोना वायरस से उत्तर प्रदेश में गोरखपुर के बाद दूसरी मौत मेरठ में हुई है। कोरोना संक्रमित 72 वर्षीय पंवृद्ध की मेरठ में बुधवार को मौत हो गई। जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के अमरावती से 19 मार्च को मेरठ आए पॉटरी कारोबारी से उसके ससुर को कोरोना संक्रमण फैला था। गत 29 मार्च को मेरठ मेडिकल लैब की जांच रिपोर्ट में वृद्ध को कोरोना की पुष्टि हुई थी। और वह मेडिकल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती थे। मेडिकल कॉलेज प्राचार्य के अनुसार संक्रमित मरीज मंगलवार की रात 75 फीसदी ऑक्सीजन पर भी सर्वाइव नहीं कर पा रहे थे। देर रात एक बजे उनको वेंटिलेटर पर रखा गया। आईसीयू के डॉक्टरों ने लगातार हालात बिगड़ना बताया। बुधवार सुबह 8 बजे से हालात और ज्यादा बिगड़नी शुरू हो गयी। दोपहर करीब 11 बजे 72 वर्षीय कोरोना संक्रमित मरीज की मौत हो गयी। मेडिकल प्राचार्य के अनुसार, जिस मरीज की मौत हुई, वह डायबिटिक भी थे। उम्र फैक्टर भी महत्वपूर्ण था, जिसके लिए यह वायरस खतरनाक बताया गया है। .बताते चलें कि इससे पूर्व गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में कोरोना संक्रमण से पीड़ित मरीज की मौत हो गयी थी।गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य गणेश कुमार ने मंगलवार को बताया था कि बस्ती जिले के 25 वर्षीय एक युवक की सोमवार को मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गयी। वह गुर्दे और लीवर की बीमारी से ग्रस्त था।वह रविवार को यहां भर्ती हुआ था। उसमें कोविड-19 संक्रमण के लक्षण दिखायी दिये थे। रोगी का सैम्पल केजीएमयू परीक्षण के लिये लखनऊ भेजा गया था। उधर किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के प्रवक्ता डा सुधीर सिंह ने बताया कि गोरखपुर से आये मरीज का सैम्पल कोरोना पॉजिटिव निकला है ।
Views: 4









