चोरों ने लाखों के सामानों पर किया हाथ साफ

गाजीपुर,25 मार्च 2020। भांवरकोल थाना क्षेत्र के भांवरकोल गांव में बीती रात छत के रास्ते घर में घुसे चोरों ने नकदी सहित लाखों रुपए के आभूषणों सहित अन्य सामानों पर हाथ साफ कर दिया। बताया गया कि गांव निवासी रामलखन यादव का परिवार रोज की भांति खाना खाने के बाद दरवाजे पर सोने चले गए और महिलाएं घर के कमरे में सो रही थी। इसी बीच रात में छत के रास्ते घर में घुसे चोरों ने बगल के बंद कमरे का ताला तोड़कर 50 हजार नकदी सहित लगभग 5 लाख के सोने व चांदी के गहने,कपड़े आदि लेकर चंपत हो गए। बगल के कमरे में सो रही महिलाओं को इसकी जानकारी भोर में चार बजे हुई। कमरे का ताला टूटा देख महिलाओं के पैरों तले जमीन खिसक गयी। महिलाओं के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण पहुंचे। बताया जाता है कि इसी बर्ष राम लखन के बेटे की शादी में काफी सामान मिला था और तीन माह बाद ही बेटी की शादी है। बेटी की शादी की तैयारी के बावत गहने कपड़े आदि सामान परिजन एकत्र कर रहे थे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने चोरी की घटना का मौका मुआयना कर स्थिति की जानकारी ली। भुक्तभोगी रामलखन द्वारा थाने में तहरीर दी गयी है।पुलिस ने घटना का शीघ्र पर्दाफाश का आश्वासन दिया है।


Views: 7

Advertisements

Leave a Reply