कोरोना वायरस ! प्रदेश के स्कूल और कॉलेज 22 मार्च तक बंद

लखनऊ,13 मार्च 2020। कोरोना वायरस के कहर के मद्देनजर दिल्ली सरकार के बाद प्रदेश सरकार ने भी कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए आगामी 22 मार्च तक सभी स्कूल और कॉलेज बंद करने का आदेश दिया है। कोरोना के मद्देनजर बेसिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक के सभी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। 23 मार्च को समीक्षा के बाद आगे निर्णय लिया जाएगा।
बताते चलें कि प्रदेश में कोरोना वायरस के बढ़ते हुए प्रकोप को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज शुक्रवार को बैठक बुलाई थी। बैठक में कोरोना वायरस के नियंत्रण को लेकर चल रहे कार्यों की समीक्षा भी की गई।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश में जहां 10 से ज्यादा कोरोना वायरस के पॉजिटिव केस की पहचान की जा चुकी है, वहीं सैकड़ों लोगों पर निगरानी रखी जा रही है।
पत्रकार वार्ता में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार डेढ़ माह पहले से ही इसकी तैयारी कर रही थी। इसके लिए 24 मेडिकल कॉलेज में 448 बेड रिजर्व रखे गए हैं। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में अभी तक कोरोना वायरस के 11 संदिग्ध मामले सामने आए हैं, जिनमें से सात आगरा, दो गाजियाबाद, एक नोएडा तथा एक लखनऊ का मामला है। इनमें से 10 का उपचार दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में तथा एक का उपचार लखनऊ के केजीएमयू में चल रहा है।
चर्चा रही कि नोएडा में प्राइवेट फर्म में काम करने वाला व्यक्ति शुक्रवार को कोरोना वायरस से पीड़ित पाया गया। बाद में नोएडा के सीएमओ ने इस बात की पुष्टि की है। कंपनी के 707 कर्मचारियों को स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में रखा गया है।
इससे पहले दिल्ली समेत पूरे देश में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली सरकार ने भी ऐहतियात के तौर पर सभी सिनेमा हाल और जिन स्कूलों व कालेजों में परीक्षाएं नहीं हैं, उन सभी को आगामी 31 मार्च तक बंद करने का फैसला लिया। दिल्ली में सभी खेल, आयोजनों, सेमिनार, कॉन्फ्रेंस पर रोक लगा दी है।


Views: 2

Advertisements

Leave a Reply