आतंकी हमला ! कंधार के गवर्नर, पुलिस चीफ और इंटेलीजेंस चीफ की गोली मार कर हत्या
कंधार(अफगानिस्तान),19 अक्टुबर 2018। एक बड़े आतंकी हमले में आतंकियों ने कंधार के गवर्नर, पुलिस चीफ और इंटेलीजेंस चीफ की गोली मार कर हत्या कर दी,जबकि इस हमले में एक अमेरिकी सुरक्षाकर्मी व एक नागरिक भी घायल हुआ हैं। वहां के सांसद खालिद पश्तून ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि गवर्नर के सुरक्षा गार्डों ने ही इनकी हत्या की है।
अफगानिस्तान समाचार चैनल तोलो न्यूज के मुताबिक यह घटना तब घटी जब गवर्नर ऑफिस में हाई प्रोफाइल अधिकारिक मीटिंग के बाद लोग हेलीपैड की ओर जा रहे थे, तभी एक गार्ड ने गोलीबारी शुरू कर दी और फिर कई गार्डों ने गोलीबारी शुरू कर दी।
इस बैठक में पुलिस चीफ जनरल अब्दुल राजिक, जनरल ऑस्टिन स्कॉट मिलर, रेज्योलूट सपोर्ट कमांडर समेत कई अधिकारी मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि अब्दुल राजिक तालिबान के खिलाफ देशव्यापी अभियान चलाने के समर्थक थे और तालिबान को दूसरे देशों की कठपुतली बताते थे। रेज्योलूट सपोर्ट ने कहा है कि जनरल ऑस्टिन स्कॉट मिलर सुरक्षित हैं। जानकारी के अनुसार इस गोलीबारी में दो अमेरिकी घायल हुए हैं, जिनमें एक सैन्य अधिकारी हैं और एक नागरिक हैं।
ंइस घटना को लेकर राष्ट्रपति अशरफ गनी राष्ट्र को संबोधित करेंगे.इसकी जानकारी अफगानिस्तान के राष्ट्रपति कार्यालय के ट्विटर हैंडल से किए गए ट्वीट में दी गयी। अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी ने भी इस ट्वीट को रिट्वीट किया है।
उधर, भारत ने अफगानिस्तान में कंधार के गवर्नर, पुलिस चीफ और इंटेलीजेंस चीफ की हत्या की कड़ी निंदा करते हुए शोक व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने कंधार हमले पर दुख जताते हुए कहा कि कंधार में आतंकी हमले से बेहद दुखी और हैरान हूं। भारत इस बड़े हमले की कड़ी निंदा करता है और इसमें जान गंवाने वाले कंधार के सीनियर लीडरशिप और अफगान भाइयों के प्रति शोक जताता है। पीएम मोदी ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में हम अफगानिस्तान के बहादुर लोगों के साथ मजबूती के साथ खड़े हैं।
Views: 3









