दुर्घटना ! रेलवे फाटक तोड़ राजधानी एक्सप्रेस से भिड़ा ट्रक, चालक की मौत
इंदौर (मध्यप्रदेश),18 अक्टूबर 2018।दाहोद-रतलाम रेल खंड पर झाबुआ जिले में मेघनगर और थांदला रोड स्टेशनों के मध्य सजेली रोड स्थित रेल फाटक पर आज राजधानी एक्सप्रेस से एक ट्रैक्टर के भिड़ने से ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गयी। बताया गया है कि
आज सबेरे लगभग पौने सात बजे एक अनियंत्रित ट्रक तेज रफ्तार से रेलवे फाटक तोड़ते हुए, वहां से गुजर रही त्रिवेंद्रम-निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस नं. 12431 से जा टकराया। इस हादसे में ट्रक ड्राइवर की मौत हो गयी और ट्रक का अगला हिस्सा टूट कर बिखर गया।ट्रक के धक्के से ट्रेन के दो कोच बी-7 और बी-8 पटरी से उतर गये। हादसे की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ रेल अधिकारियों का दल दुर्घटना राहत ट्रेन और चिकित्सकों संग मौके पर पहुंच गया। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि हादसे के बाद सभी रेल यात्री सुरक्षित हैं और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, हादसे के बाद से उस मार्ग पर ट्रेनों का आवागमन बाधित हो गया है
जिसे शीघ्र बहाल करने की कोशिश की जा रही है। झाबुआ के पुलिस अधीक्षक महेशचंद्र जैन ने बताया कि तेज रफ्तार ट्रक सजेली रोड स्थित बंद रेलवे फाटक को तोड़ते हुए राजधानी एक्सप्रेस से जा टकराया। अचानक ब्रेक लगाये जाने से ट्रेन दुर्घटनास्थल के एक किलोमीटर आगे जा कर रुकी। इससे ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतर गये। उन्होंने बताया कि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और दुर्घटनास्थल पर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
Views: 6









