आंशिक सूर्य ग्रहण ग्यारह अगस्त को

पं. ऋषभदेवजी महाराज

वाराणसी (उत्तर प्रदेश),09 अगस्त 2018। इस वर्ष का तीसरा और अंतिम सूर्यग्रहण शनिवार 11 अगस्त को दिखाई देगा। वैसे ग्रहण को कभी भी नंगी आखों से नहीं देखना चाहिए। यह आंशिक सूर्य ग्रहण 3 घंटा 28 मिनट तक दर्शनीय होगा। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष लगने वाले ग्रहण के क्रम में यह चौथा ग्रहण होगा। इस वर्ष का पहला सूर्य ग्रहण 15 फरवरी को तथा दूसरा सूर्य ग्रहण तेरह जुलाई को लगा था जब कि 27 जुलाई को सदी का सबसे लंबा चंद्र ग्रहण लगा था। इस आंशिक सूर्य ग्रहण का समय भारतीय समय के अनुसार दोपहर 1:32 से शुरु होकर संध्या 5:00 बजे समाप्त होगा। ग्रहण काल का सूतक करीब 12 घंटे पूर्व लग जाएगा। अंतर्राष्ट्रीय समय के अनुसार आंशिक सूर्य ग्रहण 8:02 से शुरु होकर 11:30 तक रहेगा। यह आंशिक सूर्य ग्रहण उत्तर यूरोप से लेकर पूर्वी एशिया और रुस में दिखाई देगा। वर्ष का यह अंतिम सूर्य ग्रहण भारत में दर्शनीय नहीं होगा। वैसे धार्मिक मान्यताओं के अनुसार ग्रहण का विशेष महत्व है । जिस वक्त ग्रहण लगा होता है उस समय को सूतक काल कहा जाता है। मान्यताओं के अनुसार ग्रहण के दौरान सोना व खाना-पीना या खाना बनाने की मनाही होती है। सूर्य ग्रहण के दौरान सूर्य मंत्र, गायत्री मंत्र व महामृत्युंजय मंत्र का जाप करना चाहिए। ग्रहण समाप्त होने के उपरांत स्नान करने के बाद ही अन्य कार्य करना चाहिए।
वैज्ञानिक मान्यताओं के अनुसार पृथ्वी अपनी धुरी पर निरन्तर घूमते हुए सूर्य के चारों तरफ चक्कर लगाती है तो दूसरी तरफ चन्द्रमा पृथ्वी का चक्कर लगाता है। इस दौरान जब भी चंद्रमा चक्कर लगाते हुए सूर्य और पृथ्वी के मध्य आ जाता है, तब पृथ्वी पर सूर्य आंशिक या पूर्ण रुप से पृथ्वी पर दिखाई नहीं देता है। इसी खगोलीय घटना को सूर्यग्रहण कहा जाता है।

Views: 49

Leave a Reply