मुख्यमंत्री रिकॉर्ड ! प्रदेश के सभी जिलो का सोलह माह में दौरा कर रचा इतिहास

लखनऊ (उत्तर प्रदेश),24 जुलाई 2018। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने 16 माह के कार्यकाल में राज्य के सभी 75 जिलों का दौरा कर एक नया इतिहास कायम कर दिया है। राज्य सरकार के प्रवक्ता ने कहा कि कल हाथरस दौरे के साथ ही मुख्यमंत्री ने 16 महीने के अपने कार्यकाल में राज्य के सभी 75 जिलों का दौरा कर विकास को गति देने का काम किया है। यह अपने आप में एक रिकॉर्ड है। उल्लेखनीय है कि योगी आदित्यनाथ ने 19 मार्च 2017 को मुख्यमंत्री का पद संभाला था। वह शुरू से ही जिलों में दौरा कर सरकारी कार्यक्रमों में शामिल होते रहे हैं, वे कानून व्यवस्था और विकास की स्थिति की समीक्षा कर राज्य सरकार की प्राथमिकताएं स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारियों को समझाते हैं ताकि प्रदेश का कोई भी हिस्सा खुद को उपेक्षित न महसूस करे। आवश्यक होने पर उन्होंने कई
जिलों में रात्रि प्रवास भी किया। उन्होंने
इस अंधविश्वास को भी तोड़ा कि नोएडा जाने वाले मुख्यमंत्री को अपने पद से हटना पड़ता है। इसी मान्यता के चलते पूर्व में कुछ मुख्यमंत्री नोएडा जाने से बचते रहे, लेकिन योगी नोएडा गये। अभी हाल ही में 25 दिसंबर को मोदी की नोएडा यात्रा से पहले वह इंतजामों का जायजा लेने वहां गये थे। मुख्यमंत्री ने पहले ही अपने इरादे स्पष्ट कर दिये थे कि वह राज्य के हर जिले का दौरा करेंगे। प्रशासन को ऊर्जावान बनाएंगे और विकास कार्य तेजी से हों, यह सुनिश्चित करेंगे। वह यह भी सुनिश्चित करने में लगे हैं कि केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाएं जरूरतमंदों और वंचित लोगों तक जल्द से जल्द पहुंचें। योगी परसों एटा में थे जो 74वां जिला था। हाथरस के साथ ही योगी ने प्रदेश के सभी 75 जिलों की समीक्षा पूर्ण कर ली। कहा गया है कि ‘जन-कल्याण’ को ध्येय बनाकर योगी सरकार प्रदेश में सबका साथ-सबका विकास की नीति पर काम कर रही है।प्रदेश भाजपा प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने कहा कि जनता के सुख-दुख में इस तरह की भागीदारी, जनसेवा का अनूठा उदाहरण है। यह एक रिकॉर्ड है जब मुख्यमंत्री द्वारा ‘जनता जर्नादन’ के विकास, कल्याण और समावेशी विकास की इस तरह चिंता की गई है। कहा कि मुख्यमंत्री का प्रयास, पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के ध्येय, विकास को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का है। बाढ़ हो सूखा हो, दुर्घटना हो या कोई दूसरी आपदा, जनता के बीच पहुंचने में मुख्यमंत्री ने कभी हिचक नहीं दिखायी। समय या परिस्थितियां, शुभ-अशुभ का विचार कभी उनके सामने बाधा नहीं बन सका। भाजपा का मकसद प्रदेश को उसके सांस्कृतिक और आर्थिक विकास के परम वैभव तक पहुंचाना है। इसमें मुख्यमंत्री के साथ उनका पूरा मंत्रिमंडल तत्पर है।

Views: 38

Leave a Reply