राजभर बस्ती की 18 झोपड़ी जलकर खाक

घर गृहस्थी के सामानों, मवेशियों सहित बाइक भी राख


गाजीपुर । करीमुद्दीनपुर क्षेत्र के गोंड़उर गाँव की राजभर बस्ती में शाम करीब साढ़े तीन बजे अचानक लगी आग से डेढ दर्जन रिहायशी झोपड़िया जल कर नष्ट हो गयीं।

        झोपड़ियों के जलने से उसमें रखा घर गृहस्थी का सारा सामान व बाइक भी आग की भेंट चढ़ गए। आग बुझाने में जहां सुदामा पटेल, सुंदर पटेल तथा काशी राजभर बुरी तरह झुलस गए वही रिंकू राजभर गंभीर चोट से घायल हो गये। उसे इलाज के लिए गोंड़उर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। 

     बताया गया कि शुक्रवार शाम करीब साढ़े तीन बजे अचानक सुदामा राजभर की रिहायशी झोपड़ी में अचानक आग लग गयी और देखते ही देखते आग ने आस पास की झोपड़ियो को अपने आगोश में ले लिया। इसमे सुदामा पटेल की दो रिहायशी झोपड़ी उसमे गृहस्थी का सारा सामान, एक बाइक, एक गाय और एक भैंस खाक हो गयी। वहीं गामा राजभर की दो रिहायशी झोपड़ी व गृहस्थी का सारा सामान, धीरज राजभर की चार रिहायशी झोपड़ी उसमे रखा सामान व नकदी, रोहित राजभर की दो रिहायशी झोपड़ी,एक गाय व उसमे रखा गृहस्थी का सारा समान, प्रभु राजभर की दो रिहायशी झोपड़ी व गृहस्थी का सारा सामान, रामबली राजभर की दो रिहायशी झोपड़ी व गृहस्थी का सारा सामान, सत्येंद्र राजभर, हरेंद्र राजभर व मुनारिक राजभर की एक एक रिहायशी झोपड़ी जलकर राख हो गयी। इस घटना पर भाजपा नेता शशांक राय और राजेश मिश्रा ने प्रशासन को अवगत कराकर उचित मुआजा दिलाने का आग्रह किया है।

         इस अग्निकांड से पीड़ित नौ परिवार पूरी तरह खुले आकाश के नीचे आ गये हैं। इस सूचना पर नायब तहसीलदार भगवान पांडेय ,लेखपाल रंजन शाह, पुलिस क्षेत्राधिकारी अतर सिंह, थानाध्यक्ष करीमुद्दीनपुर प्रदीप सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण कर स्थिति का आकलन किया।

Views: 7

Advertisements

Leave a Reply