दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति संग मुलाकात में हुई द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ाने पर चर्चा, जताई प्रतिबद्धता

जोहानिसबर्ग, 04 जून 2018 । पांच दिवसीय विदेश यात्रा के दौरान आज परराष्ट्र मंत्री सुषमा स्वराज ने दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा से मुलाकात की। सुषमा ने राष्ट्रपति का कार्यभार संभालने पर रामफोसा को बधाई दी और कहा कि साल 2018 भारत और दक्षिण अफ्रीका दोनों के लिए महत्वपूर्ण है क्योंकि वे कूटनीतिक संबंधों की 25 वीं वर्षगांठ, प्रसिद्ध नेता नेल्सन मंडेला की 100 वीं जयंती और महात्मा गांधी की पीटरमैरिट्जबर्ग घटना की 125 वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। रामफोसा ने दक्षिण अफ्रीका में महात्मा गांधी द्वारा भावी पीढ़ियों के लिए छोड़ी गई महान विरासत का जिक्र किया। युवावस्था में महात्मा गांधी को पीटरमैरिट्जबर्ग रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन से फेंक दिया गया था। वर्ष 1893 में घटी यह घटना दक्षिण अफ्रीका में नस्लीय भेदभाव के खिलाफ गांधी की लड़ाई में मील का पत्थर साबित हुई। सुषमा इस ऐतिहासिक घटना के 125 वर्ष पूरे होने पर कई कार्यक्रमों में भी शिरकत करेंगी। वार्ता के दौरान कौशल विकास, कृषि और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच भागीदारी तथा सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई ।इस यात्रा के दौरान वह ब्रिक्स (ब्राजील, रुस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका) और आईबीएसए (भारत, ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका) की बैठकों में भी भाग लेंगी।उल्लेखनीय हैकि इन दोनों समूहों में भारत की भूमिका काफी अहम है। विदेश मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, सुषमा ने राष्ट्रपति रामफोसा से मुलाकात की और द्विपक्षीय संबंधों को अगले स्तर तक ले जाने की प्रतिबद्धता जताई। बयान में कहा गया है, ‘‘दोनों देशों के बीच बढ़ी भागीदारी विशेषतौर पर भारत-दक्षिण अफ्रीका व्यापार वार्ता के परिणामस्वरूप और कौशल विकास, कृषि, सूचना प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में ज्यादा सहयोग पर भी चर्चा की गई। बाद में वह आज ब्रिक्स के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने चली गयीं।

Visits: 37

Leave a Reply