बंदरों के आतंक से ग्रामीण भयभीत 

आठ वर्षीय बालक समेत एक दर्जन से अधिक घायल


दो गंभीर घायलों का वाराणसी में चल रहा उपचार

गाजीपुर। सादात थाना क्षेत्र के कनेरी गांव में बंदरों के झुंड के हमलों से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, अब तक एक दर्जन से अधिक लोग बंदरों के हमले में घायल हो चुके हैं। इनमें एक आठ वर्षीय बालक समेत दो लोगों की हालत गंभीर रही है। दोनों का इलाज वाराणसी के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। गांव में भय का माहौल है और लोग अकेले घरों से निकलने में भी हिचक रहे हैं।

      ग्रामीणों के अनुसार, गांव में दर्जनों की संख्या में बंदर घूम रहे हैं और रास्ते से गुजरने वाले लोगों पर हमला कर रहे हैं। इनके हमले में युवराज सिंह पुत्र मनोज सिंह और आठ वर्षीय कान्हा सिंह पुत्र प्रदीप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा रणजीत सिंह, सोनम, पार्वती, मनोरमा, रमेश, सावित्री, पुनीता और सुरेंद्र सहित कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं।

बंदरों का झुंड गांव के प्राथमिक विद्यालय में भी पहुंचकर बच्चों के लिए तैयार मिड-डे मील का भोजन खा जाता है या उसे बिखेरकर बर्बाद कर देता है। इससे विद्यार्थियों और शिक्षकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बंदरों के डर से बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक भी चिंतित हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या से निजात दिलाने के लिए तहसील प्रशासन से लेकर मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल तक शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। पूर्व ब्लॉक प्रमुख कमलेश सिंह, ग्राम प्रधान शिवबचन राजभर, शिवम सिंह, अवधेश सिंह, सहेंद्र राजभर, रामकृत राम, शिवशंकर जायसवाल और गोविंद यादव सहित अन्य ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से वन विभाग की टीम भेजकर बंदरों को पकड़वाने तथा गांव में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Views: 4


Leave a Reply