नब्बे लाख की अवैध हेरोइन संग बिहारी युवक गिरफ्तार 

गाजीपुर। नोनहरा पुलिस और एएनटीएफ गाजीपुर की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बिहार के एक युवक को अवैध हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार उसके कब्जे से 459 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये है। तलाशी के दौरान एक आईफोन, पर्स, तीन बैंक कार्ड, 350 रुपये नकद और मारुति सुजुकी ऑल्टो कार भी बरामद की गई।


        पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित की पहचान बिहार के बक्सर जिले के डुमरांव थाना क्षेत्र स्थित अपकारी गली वार्ड नंबर 33 निवासी कृष्णा कुमार दुबे (26वर्ष) के रूप में हुई है। संयुक्त टीम ने उसे एकडगवा-सुसुंडी ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया।

      पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसे कथरिया, थाना नरही, बलिया निवासी यशवंत नामक व्यक्ति ने हेरोइन दी थी। कथित तौर पर उसे नोनहरा क्षेत्र के ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे पर एक व्यक्ति को मादक पदार्थ सौंपना था। पुलिस के अनुसार उसे व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से आगे की जानकारी मिलने वाली थी और इसके बदले मिलने वाली रकम को आपस में बांटने की बात कही गई थी।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ से मादक पदार्थ की आपूर्ति और आगे पहुंचाने से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। बरामदगी के आधार पर पुलिस अब मामले में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है, ताकि कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा सके।पुलिस ने बताया कि आरोपित के खिलाफ नोनहरा थाने में एनडीपीएस एक्ट का मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई करने वाली टीम में नोनहरा थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम तथा एएनटीएफ गाजीपुर के प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र नाथ सिंह और उनकी टीम शामिल रही।

Views: 6


Leave a Reply