सरकारी जमीन पर बने गैंगलीडर के अवैध मकान पर चला बुलडोजर

गाजीपुर। माफिया, अपराधियों और संगठित गिरोहों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को बहरियाबाद थाना क्षेत्र के पलिवार गांव में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। उपजिलाधिकारी जखनियां के आदेश पर गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित गैंगलीडर चन्द्रशेखर राम द्वारा ग्राम सभा की भूमि पर कथित रूप से बनाए गए पक्के मकान को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, बहरियाबाद थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 160/2026 के तहत दो आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद मामले में गैंगलीडर चन्द्रशेखर राम की संपत्ति की जांच की गई। जांच के दौरान पलिवार गांव में ग्राम सभा की भूमि पर निर्मित मकान को चिह्नित किया गया। राजस्व निरीक्षक और लेखपालों की टीम द्वारा भूमि की पैमाइश किए जाने पर निर्माण सरकारी भूमि पर पाया गया।
इसके बाद उपजिलाधिकारी जखनियां के आदेश के अनुपालन में 23 सितंबर को राजस्व और पुलिस टीम की मौजूदगी में जेसीबी से उक्त मकान को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति सामान्य रही।
बताया गया कि इस प्रकरण में दो दिन पूर्व ही गैंग संख्या 151/2026 पंजीकृत करते हुए उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम की धारा 3(1) के तहत कार्रवाई शुरू की गई थी। इसके बाद प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। इस कार्रवाई में तहसीलदार नीरज चतुर्वेदी, राजस्व निरीक्षक धीरेन्द्र सिंह व सुधाकर पाण्डेय समेत लेखपालगण सौरभ सिंह, जितेन्द्र यादव, महेन्द्र प्रजापति, आशुतोष पाण्डेय, अंकित राय, अर्जित शुक्ला, दिव्यांगनी व साधना के साथ ही साथ पुलिस टीम में बासदेव प्रसाद थानाध्यक्ष, थाना बहरियाबाद, उपनिरीक्षक सुरेश कुमार बिन्द मय हमराह थाना बहरियाबाद जनपद गाजीपुर व उपनिरीक्षक सुरेन्द्र कुमार मिश्रा मय हमराह थाना सादात जनपद गाजीपुर पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
Views: 44








