नशा मुक्त अभियान की प्रतियोगिताओं में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा
गाजीपुर। भारत सरकार के नशा मुक्त युवा विकसित भारत अभियान के अंतर्गत मेरा युवा भारत, गाजीपुर द्वारा गुरुवार को पीजी कॉलेज, गाजीपुर में जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भागीदारी निभाते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया। प्रतियोगिताओं में लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, कविता पाठ, भाषण, रंगोली, नारा लेखन एवं चित्रकला जैसी विधाओं के माध्यम से प्रतिभागियों ने नशा मुक्ति का प्रभावशाली संदेश प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका परिषद गाजीपुर के पूर्व अध्यक्ष विनोद अग्रवाल एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। युवा यदि नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगाएं तो विकसित भारत का लक्ष्य शीघ्र प्राप्त किया जा सकता है।
प्रतियोगिताओं के विजेताओ में लोकगीत में अंकित राजभर एवं टीम प्रथम, नुक्कड़ नाटक में खुशबू एवं टीम प्रथम, कविता पाठ में आंचल वर्मा प्रथम, प्रियांशु यादव द्वितीय, प्रतिमा विश्वकर्मा तृतीय, भाषण में कुमारी दीपशिखा प्रथम, माहजबीन अंसारी द्वितीय, आनंदी गुप्ता तृतीय, रंगोली में सरिता प्रजापति प्रथम, खुशी कुशवाहा द्वितीय, नारा लेखन में गुंजन कुमारी प्रथम, स्नेह लता द्वितीय, सरिता प्रजापति तृतीय, चित्रकला में आकांक्षा शर्मा प्रथम, रागिनी द्वितीय तथा अंतिमा वर्मा तृतीय रहीं।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राघवेंद्र पांडे ने कहा कि शिक्षा तभी सार्थक है जब उसके साथ सामाजिक उत्तरदायित्व और नैतिक मूल्यों का भी समावेश हो। उन्होंने युवाओं से अपने आसपास नशा मुक्ति के प्रति जनजागरण करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के संयोजक एवं जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा ने बताया कि भारत सरकार का यह अभियान युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने तथा उन्हें स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस अवसर पर बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष सीमा पाठक सदस्य देवाशीष प्रोफेसर संजय चतुर्वेदी प्रोफेसर एसएन मिश्रा प्रोफेसर रवि शंकर आदि ने युवाओं से नशा से दूर रहने की अपील की। उपस्थित समस्त युवाओं ने नशा मुक्त युवादृविकसित भारत के संकल्प को दोहराते हुए समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
समापन के अवसर पर विजेता प्रतिभागियों को मेडल, प्रमाण-पत्र एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन अमरनाथ तिवारी, विद्या निवास पांडेय, जीवन राम, पारस नाथ सिंह यादव, दिनेश चंद्र शर्मा, राकेश शर्मा, सूबेदार सनेही, प्रांशु कुमार आदि ने किया। कार्यक्रम का संचालन अंगद यादव ने तथा आभार ज्ञापन मेरा युवा भारत के पूर्व लेखा एवं कार्यक्रम पर्यवेक्षक सुभाष चंद्र प्रसाद ने किया।
Views: 5









