गर्भाशय के कैंसर से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी वैक्सीन 

गाजीपुर। महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा हेतु एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण शिविर का आयोजन कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय सादात में किया गया।


        उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से पूरे राज्य में संचालित शिविर के क्रम में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की विद्यालय की कुल 15 छात्राओं को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की प्रत्येक पात्र किशोरी तक इस जीवनरक्षक टीके की पहुंच सुनिश्चित करना है।

      सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पंकज सिंह ने छात्राओं और उपस्थित स्टाफ को टीके के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है, जो भविष्य में होने वाले सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान करती है। ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर (बीपीएम) सोनल श्रीवास्तव ने आम जनता और अभिभावकों से इस मुहिम के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति उठाया गया यह छोटा कदम बेटियों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य का निर्माण करेगा, इसलिए सभी माता-पिता को बिना संकोच अपनी बेटियों को समय पर एचपीवी वैक्सीन लगवानी चाहिए।

इस अवसर पर सीएचसी प्रभारी डॉ. पंकज सिंह, बीपीएम सोनल श्रीवास्तव के  अतिरिक्त विद्यालय की वार्डेन सरिता गुप्ता, प्रज्ञा सिंह, सरिता कुमारी सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम और विद्यालय की छात्राएं प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।

Views: 10


Leave a Reply