महिला जनसुनवाई में छह प्रकरण निस्तारित
महिला आयोग महिलाओं की सुरक्षा, संरक्षा एवं उत्पीड़न से न्याय दिलाने हेतु तत्पर
गाजीपुर। सदस्य उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग श्रीमती सुनीता श्रीवास्तव द्वारा लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण गृह में, पुलिस अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में महिला समस्याओं की सुनवाई की गयी।
उल्लेखनीय है कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन तथा जनपद में महिला अपराध महिला उत्पीड़न, घरेलु हिंसा, दहेज उत्पीड़न से पीड़ित एवं प्रताड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने के उद्देश्य से प्रदेश महिला आयोग द्वारा सुनवाई की जा रही है। सुनवाई के दौरान मा. सदस्य ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुसार महिला आयोग पूरी तरह से महिलाओं की सुरक्षा, संरक्षा एवं अन्य किसी भी प्रकार के उत्पीड़न से न्याय दिलाने हेतु संवेदनशील है। विकास के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं/ बालिकाओं की भागीदारी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होने कहा कि आयोग में सुनवाई के दौरान महिलाओं की समस्याओं का गहन विश्लेषण कर अन्य संबंधित अधिकारियों के सहयोग से उचित कार्यवाही कर उसका समाधान करना उनकी व्यक्तिगत जिम्मेदारी है।
सुनवाई के दौरान प्रस्तुत महिला उत्पीड़न से सम्बंधित प्रकरणों पर उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को मामले की जांच करवाकर नियमानुसार कार्यवाही करते हुए न्याय दिलाने हेतु निर्देशित किया। इस सुनवाई में कुल 11 प्रकरणों को सुना गया जिसमें से मौके पर छह आवेदनों का निस्तारण किया गया। इसी क्रम में मौके पर एक आवेदन का समझौता कराते हुए विदाई भी करायी गयी। शेष आवेदन सम्बंधित विभागीय अधिकारियों को प्रकरण में यथाशीघ्र कार्यवाई हेतु निर्देशित किया गया। जनसुनवाई के समय, क्षेत्राधिकारी सदर, महिला थाना प्रभारी नीतू मिश्रा, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार सोनी, वन स्टॉप सेंटर प्रभारी और अन्य अधिकारी तथा कार्मिकजन उपस्थित रहे।
Views: 30








