अंतर महाविद्यालय हैंडबॉल प्रतियोगिता में संतबुला कालेज अव्वल
गाजीपुर। अंतर महाविद्यालय महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता पीजी कॉलेज मलिकपूरा में सम्पन्न हुई। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर से संबद्ध महाविद्यालयों की अंतर महाविद्यालयीय महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. दिवाकर सिंह ने किया।
प्रतिभागी टीमों के कड़े मुकाबले में संतबुला महाविद्यालय, दुल्लहपुर की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजय श्री अपने नाम कर लिया। अभिमन्यु स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जौनपुर की टीम उपविजेता रही। मेजबान पीजी कॉलेज मलिकपुरा की टीम को तीसरे स्थान से ही संतोष करना पड़ा। विजेता टीम व सभी खिलाडियों को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के दौरान विश्वविद्यालय खेल सचिव शेखर सिंह, आयोजन सचिव कैप्टन प्रो. चंद्रभान सिंह की सक्रिय भूमिका रही। उन्होंने प्रतिभागी टीमों का भरपूर उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि खेलकूद छात्राओं के शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक विकास के साथ ही साथ उनमें सहयोग और सामंजस्य की भावना उत्पन्न करता है, वहीं इससे नेतृत्व क्षमता एवं अनुशासन का विकास होता है। उन्होंने प्रतिभागियों से निरन्तर प्रयास कर अपने प्रदर्शन में सुधार लाकर देश व प्रदेश में महाविद्यालय का नाम रोशन करने हेतु प्रेरित किया। प्रतियोगिता के दौरान महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षणेतर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं व खेल प्रेमी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का संचालन डॉ. सर्वेश पांडेय व डॉ. शिव प्रताप यादव ने किया।
Views: 26








