राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए साक्षात्कार 24 जुलाई से

गाजीपुर। राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए आवेदन करने वाले अध्यापकों का साक्षात्कार एवं प्रस्तुतीकरण 24 जुलाई से 11 अगस्त तक बेसिक शिक्षा निदेशालय निशातगंज लखनऊ में सम्पन्न होगा। राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए प्रदेश के 208 अध्यापकों ने आवेदन किया है।


         इसके लिए बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल द्वारा समय सारिणी घोषित की गई है। इसके अनुसार, 24 और 25 जुलाई को 16,16 अध्यापकों का साक्षात्कार होगा, जबकि 26 जुलाई को 38 अध्यापकों का साक्षात्कार किया जाएगा। इसी तिथि पर वाराणसी मंडल के चारों जिले वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर और चन्दौली के अध्यापकों का साक्षात्कार होगा। इसके अलावा 28 जुलाई को 16, 05 अगस्त को 17, 06 अगस्त को 16 एवं 07 और 08 अगस्त को 17, 17 अध्यापकों का साक्षात्कार होगा। साक्षात्कार  के अंतिम चरण में 09 अगस्त को 38 और 11 अगस्त को 16 अध्यापकों का साक्षात्कार होगा। चयन की प्रक्रिया राज्य चयन समिति द्वारा पूर्ण कराईं जाएगी। साक्षात्कार  के समय अध्यापक को पीपीटी के माध्यम से कुल सात मिनट में अपनी विषयवस्तु का प्रस्तुतीकरण करना होगा।

       उल्लेखनीय है कि राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों तथा अशासकीय सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूलों में कार्यरत अध्यापकों एवं अध्यापिकाओं ने प्रेरणा वेब पोर्टल के माध्यम से आवेदन किया है। आवेदन के लिए 01 जनवरी से 10 मार्च तक का समय दिया गया था। 

        पुरस्कृत शिक्षक वेलफेयर सोसायटी उ.प्र. लखनऊ के प्रांतीय प्रवक्ता राम अवतार यादव ने बताया कि भारत सरकार ने 1958 में राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार और उत्तर प्रदेश सरकार ने 1964 में राज्य अध्यापक पुरस्कार देने की शुरुआत की थी। यह पुरस्कार शिक्षक अपने कार्यकाल में उत्कृष्ट कार्य करते हुए प्राप्त करता है।

Views: 73


Leave a Reply