पत्रकारिता ! मीडिया की विश्वसनीयता स्थापित करना एक बड़ी चुनौती

भोपाल(मध्यप्रदेश),06 दिसंबर 2018।माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय में कल आयोजित ‘एक संवाद’ कार्यक्रम में अपने उद्बोधन में वरिष्ठ पत्रकार अजीत अंजुम ने कहा कि आज मीडिया का विस्तार बहुत अधिक हो गया है।आज का यह समय मल्टी-मीडिया, मल्टी-टास्किंग और मल्टी-प्लेटफार्म का है। आज सूचनाओं के स्रोत बढ़ गए हैं। कई बार ऐसा होता है कि रिपोर्टर ने जो समाचार संपादक को प्रेषित किया, वह संपादक के पास पहले ही विभिन्न माध्यमों (फेसबुक, ट्वीटर, व्हाट्सएप्प) से आ जाता है। कहा कि आज टीवी मीडिया में जो हो रहा है, वह सब कुछ ठीक नहीं है। आज मीडिया में एक प्रकार का ध्रुवीकरण दिखाई देता है। एक ध्रुव की मीडिया को जो सही दिखता है, वह दूसरे ध्रुव की मीडिया को गलत दिखाई देता है। सच क्या है और झूठ क्या, दर्शक के लिए यह समझना मुश्किल हो गया है। सूचना स्रोत और तकनीक बढऩे से फेक न्यूज की चपेट में बड़े-बड़े मीडिया संस्थान आ जाते हैं। ऐसे में महत्वपूर्ण यह है कि तमाम प्रकार की कमियां बता कर मीडिया को खारिज कर देना बहुत आसान है, लेकिन विकल्प देना कठिन है। इस दौर में मीडिया की विश्वसनीयता को स्थापित करना एक बड़ी चुनौती है। यह कहना ठीक है कि आज मीडिया से गाँव, किसान और युवा गायब हो गए हैं। लेकिन यह भी तो हमें ही सोचना होगा कि इन्हें मीडिया में कैसे लेकर आएं? श्री अंजुम ने बताया कि मीडिया में आलोचना के लिए जगह होना जरूरी है। सही को सही और गलत को गलत कहना ही पत्रकारिता है। एक पत्रकार को देश और समाज के हित को ध्यान में रखना चाहिए। वहीं, वरिष्ठ टीवी पत्रकार एवं फिल्म निर्देशक विनोद कापड़ी ने कहा कि यह मान लिया कि टेलीविजन न्यूज में आज जो हो रहा है, उससे लोग खुश नहीं हैं। आज हमारे सामने चुनौती है कि नया क्या किया जाए? उन्होंने पत्रकारिता के विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वह नये विचार पर काम करें, अपनी नयी सोच के साथ मीडिया में आएं। उल्लेखनीय है कि कापड़ी की फिल्म “पीहू” हाल ही में रिलीज हुई है।
इसी क्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति जगदीश उपासने ने कहा कि मीडिया में पहले भी चुनौतियां थी और आज संसाधन, तकनीक, मीडिया के प्रकार बढऩे के बाद भी चुनौतियां हैं। दरअसल, चुनौतियों का नाम ही पत्रकारिता है। उन्होंने कहा कि जिसके पास आईडिया है, विचार है, जो हट कर सोचता है, वह ही मीडिया में आगे जाएगा। कुलपति उपासने ने कहा कि पत्रकारिता कला भी है और विज्ञान भी। जिस प्रकार एक वैज्ञानिक सत्य की खोज करता है, उसी प्रकार पत्रकार भी सत्य की खोज करता है। सत्य की खोज करना विज्ञान है और उस सत्य को जनता को बताना कला है। इस अवसर पर अतिथियों का स्वागत कुलसचिव प्रो. संजय द्विवेदी तथा धन्यवाद ज्ञापन कुलाधिसचिव लाजपत आहूजा ने किया।


Views: 5

Advertisements

Leave a Reply