अयोध्या ! दीपोत्सव महोत्सव

अयोध्या(उत्तर प्रदेश),06 नवम्बर 2018।अयोध्या में दीपावली पर हो रहे भव्य दीपोत्सव आयोजन ने आज शमां बांध दिया। पूरा अयोध्या राममय हो गया। भगवान राम, सीता व लक्ष्मण के स्वरूप में पुष्पक विमान से अयोध्या पहुंचने पर वहां उनका स्वागत राज्यपाल राम नाईक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संग दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला किम जोंग सुक ने किया।


तीन लाख एक हजार एक सौ बावन से अधिक जलते दीयों ने जहां अपनी छटा बिखेर ,अपना रिकार्ड बना डाला, वहीं भव्य आरती ने सभी लोगों को मोह लिया।
दीपोत्सव महोत्सव को सम्बोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या और देश की भावनाओं के साथ हम सब जुड़ना चाहते हैं, इसीलिए ऐसे कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि फैजाबाद जनपद का नाम बदलकर आयोध्या किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने भगवान राम के नाम पर अयोध्या में एयरपोर्ट तथा राजा दशरथ के नाम पर मेडिकल कॉलेज खोलने की घोषणा की। कहाकि हरिद्वार की ही भांति अयोध्या मे सरयू के किनारों को विकसित किया जाएगा तथा सरयू में गिरते गंदे नाले बंद किए जाएंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला किम जंग सूक के साथ क्वीन हाउस मेमोरियल का उद्घाटन भी किया। समारोह की मुख्य अतिथि दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला किम जोंग सुक ने भावविभोर होते हुए कहा कि अयोध्या के इस आयोजन में आकर बहुत प्रसन्न हूं । बिहार के राज्यपाल व लखनऊ के पूर्व सांसद लालजी टंडन ने कहा कि आज अयोध्या में हो रहे इस आयोजन का साक्षी बनकर हम सब धन्य हो गए। उन्होंने कहा कि आप राम के प्रताप पर यकीन रखें, हो सकता है कि अगले दीपोत्सव का आयोजन राम मंदिर के भव्य निर्माण के साथ हो। केंद्रीय मंत्री वी.के. सिंह ने कहा कि अयोध्या में आज का यह भव्य दीपोत्सव एक झलक मात्र है। यह दूसरा वर्ष है जब अयोध्या में इस तरह का आयोजन किया जा रहा है। तीसरे, चौथे और पांचवे वर्ष में क्या होगा इसका इंतजार कीजिए।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला किम जोंग सुक ने कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर दोनों देशों के मध्य सहयोग बढ़ाने के मुद्दे पर चर्चा की।

प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी बयान में कहा गया कि सोमवार को मुलाकात के दौरान मोदी और किम के बीच भारत और कोरिया के गहरे सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों व नागरिक सहयोग बढ़ाने के मुद्दों पर चर्चा हुई। उन्होंने प्रधानमंत्री को सियोल शांति पुरस्कार के लिए भी बधाई दी।

Views: 9

Advertisements

Leave a Reply