संयुक्‍त राष्‍ट्र महासभा ! सुषमा स्वराज ने आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान को लताड़ा

नई दिल्ली, 29 सितम्बर 2018 ।विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने आज संयुक्‍त राष्‍ट्र महासभा के 73वें अधिवेशन को संबोधित करते हुए आतंकवाद को पोषित करने हेतु पाकिस्तान पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज सबसे बड़ी चुनौती जलवायु परिवर्तन और आतंकवाद के अस्तित्व के खतरों से है। मुंबई हो या न्यूयॉर्क आतंकवाद हर जगह फैल रहा है। हमारे पड़ोसी देश से आतंकवाद आता है और पाकिस्तान आतंकवाद को निर्यात करता है। पाकिस्तान आतंकवादी घटना को अंजाम देने में ही माहिर नहीं है, बल्कि उसे इसको नकारने में भी महारथ हासिल है। इसकी सबसे बड़ी मिसाल है ओसामा बिन लादेन का पाकिस्तान में पाया जाना।
उन्होंने कहा, ‘अमेरिका के इतिहास में 11 सितंबर 2001 की घटना सबसे बड़ी आतंकी घटना के रूप में देखी जा रही है। इसीलिए इस घटना के मास्टर माइंड ओसामा बिन लादेन को अमेरिका अपना सबसे बड़ा दुश्मन मानता था और पूरी दुनिया में उसे खोज रहा था। लेकिन अमेरिका को यह नहीं मालूम था कि उसका सबसे बड़ा दोस्त बताने वाला देश पाकिस्तान ही उसको छिपाकर रखे हुए है। ये अमेरिका के खुफिया तंत्र की सफलता है कि उन्होंने ओसामा बिन लादेन को खोज निकाला।’उन्होंने कहा कि 1996 में भारत ने संयुक्त राष्ट्र में सीसीआईटी पर एक मसौदा दस्तावेज का प्रस्ताव दिया था। आज तक यह मसौदा एक मसौदा बना रहा है, क्योंकि हम सहमत नहीं हो सके हैं। एक तरफ हम आतंकवाद से लड़ना चाहते हैं और दूसरी ओर हम इसे परिभाषित नहीं कर सकते हैं।संयुक्त राष्ट्र को स्वीकार करना होगा कि इसे मौलिक सुधार की जरूरत है। सुधार कॉस्मेटिक नहीं हो सकता है। सुधार आज शुरू होना चाहिए, कल बहुत देर हो सकती है।
इस दरम्यान उन्होंने इंडोनेशिया में आए भूकंप का जिक्र करते हुए कहा कि इंडोनेशिया भूकंप और सुनामी से प्रभावित हुआ है। वह भारत की तरफ से, आपदा के लिए इंडोनेशिया सरकार और लोगों के प्रति शोक व्यक्त करती हैं और इस आपदा का सामना करने में वह इंडोनेशिया सरकार को हरसंभव मदद का आश्वासन देती हैं।
इससे पहले उन्होंने जन धन योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इस योजना के तहत उनके खाते खोले जा रहे हैं, जिन्होंने बैंक को देखा तक नहीं था। मुद्रा योजना ने कई महिलाओं को लाभान्वित किया है।आयुष्मान योजना के तहत 50 करोड़ लोगों की मदद की जा रही है। बेघरों को घर देने के लिए पीएम आवास योजना चलाई जा रही है। सभी गरीबों को 2022 तक घर दिए जाएंगे। उज्ज्वला योजना के तहत 5 करोड़ गैस कनेक्शन दिए गए। देश प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में प्रगति पथ पर अग्रसर है।


Views: 6

Advertisements

Leave a Reply