उत्तरप्रदेश!  ताजिया जुलूस को लेकर हुए कई जगह बवाल

लखनऊ, 21सितम्बर 2018। मोहर्रम पर प्रदेश भर में पुलिस की चुस्तदुरुस्त व्यवस्था के बावजूद आज ताजिया जुलूस निकालने को लेकर मेरठ तथा गोरखपुर में बवाल हो गया। इस दौरान काफी देर तक ईंट-पत्थर भी चले। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित किया।
गोरखपुर के कसया थाना क्षेत्र के गांव कुरहवा में ताजिया जुलूस को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। यहां पर ईंट-पत्थर भी चले। एसपी अशोक पाण्डेय तथा डीएम डॉ अनिल कुमार सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। वहीं मेरठ में भी मोहर्रम के जुलूस के दौरान मातम के समय बवाल हो गया। लोगों ने शोगवार घंटाघर के पास हंगामा कर दिया। इनको नियंत्रण में लेने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
गोरखपुर में गोरखनाथ के तरंग क्रॉसिंग पर ताजिया आगे करने के विवाद में मनबढ़ों ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना के बाद एक पक्ष के लोगों ने सड़क पर ताजिया रख जाम लगा दिया। तजियादार हुमायूंपुर उत्तरी निवासी सदरे आलम उर्फ कुरशेद 38 वर्ष पर चाकू से हमला कर दिया। इस वारदात के बाद आरोपित फरार हो गए। यहां कुरशेद के पिता की तहरीर पर पुलिस ने हुमायूंपुर निवासी सब्बीर अहमद, रियाज अहमद, इश्तियाक व अल्ताफ के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है। एसपी सिटी विनय सिंह ने बताया कि दोपहर में सब्बीर को गिरफ्तार कर लिया गया।
इसी क्रम में पीलीभीत के बरखेड़ा कस्बे में आज गणेश विसर्जन यात्रा और मोहर्रम का जुलूस एक ही रास्ते से निकलने पर बवाल हो गया। यहां पर विवाद बढऩे पर एसपी बालेंदु भूषण सिंह फोर्स के साथ वहां पहुंच कर पहले गणेश विसर्जन यात्रा फिर जुलूस को निकलवाया गया।


Views: 2

Advertisements

Leave a Reply