कहर बनकर गिरी चिंगारी, परिवार के अरमान हुए खाक

गाजीपुर(उत्तर प्रदेश),21सितम्बर 2018।रिहायशी झोपड़ी के उपर से गुजरते हाईटेंशन विद्युत तार की निकली चिंगारी ने गुरुवार की देर रात एक रिहायशी झोपड़ी को जला कर खाक कर दिया। अग्निकांड में घर की सारी लेईपूजी के साथ ही लड़की की विदाई के लिए वर्षों से सहेज कर रखे सब सामान भी जल गये। इससे परिवार के सारे अरमान धरे रह गये और परिवार अब सड़क पर आ गया है।
घटना दिलदारनगर थाना क्षेत्र के ताजपुर कुर्रा के करवनही रामजश डेरा निवासी द्वारिका पासवान की रिहायशी झोपड़ी में घटी। इस घटना में बीस हजार रुपये नकद, शादी के बाद लड़की की विदाई हेतु संजोए हजारों रुपये के कीमती कपड़े व आभूषण जलकर राख हो गए।


घंटों मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने किसी तरह से आग पर काबू पाया। आग का यह तांडव पीड़ित परिवार के लिए कहर बनकर टूट पड़ा।

बताया गया कि द्वारिका पासवान की पुत्री रेखा की 10 अक्टूबर को विदाई होने वाली थी जिसकी व्यवस्था में परिजन लगे हुए थे।कल देर रात खाना-खाने के बाद सभी झोपड़ी के बाहर सो रहे थे। रात में तेज हवा के चलते झोपड़ी के उपर से गुजरे 440 वोल्ट के हाईटेंशन तारों की रगड़ से निकली चिंगारी झोपड़ी पर गिर पड़ी और देखते ही देखते पूरी झोपड़ी को अपने आगोश में ले लिया। परिजनों की चीख -पुकार सुनकर गांव के लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में लड़की की विदाई के लिए खरीद कर रखी गई 25 साड़ी, बीस हजार नगदी, सोने व चांदी के आभूषण के अलावा पंखा, साइकिल, रजाई-गद्दा व अनाज सहित घर का सब सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर आज क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर पहुंच आगलगी से हुई क्षतिपूर्ति की जांच की। भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज राय व बिट्टू चौबे ने पीड़ित परिवार से मिलकर सरकार से क्षतिपूर्ति दिलाने का आश्वासन दिया। क्षेत्रीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए गरीब परिवार की आर्थिक मदद करने तथा परिवार को आवास उपलव्ध कराने की मांग जनहित में की है।

Views: 3


Leave a Reply