एफआईआर! अब फोन से करा सकेंगे दर्ज
लखनऊ, 17 सितंबर 2018 । देश में अपनी तरह की पहली डायल-एफआईआर योजना शुरू करने हेतु यूपी पुलिस तैयार है। इसके तहद आम आदमी पुलिस थाने गए बगैर अपनी प्राथमिकी फोन पर ही दर्ज करा सकेगा। इसके लिए पुलिस अपराधियों की तस्वीरों का एक ऑनलाइन डोजियर तैयार कर रही है जो पुलिसकर्मियों को 22,000 नए आईपैड पर मुहैया कराया जाएगा।
उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि इसके अलावा यूपी पुलिस आतंकवाद रोधी और प्रतिक्रिया नेटवर्क का भी विस्तार कर रही है। इसके लिए विशेष हुनर वाले 100 से ज्यादा नए कमांडो को प्रशिक्षण दिया जा रहा है जिसमें महिला बैच भी शामिल है। उन्होंने बताया कि इसका मकसद एटीएस को गुणात्मक और मात्रात्मक दोनों रूप से मजबूत बनाना है। डीजीपी ने आगे कहा कि हम जल्द ही राज्य में ई-एफआईआर या डायल-एफआईआर योजना शुरू करने जा रहे है। उन्होंने बताया कि गाजियाबाद में इस पर दो महीने के लिए आयोजित की गई पायलट परियोजना सफल रही। अपराध से निपटने के लिए राज्य में अपराधियों का एक ऑनलाइन डोजियर भी तैयार किया गया है। डीजीपी ने बताया कि डोजियर से कोई भी मामला शीघ्र सुलझाने में मदद मिलेगी क्योंकि संदिग्धों की पहचान तेजी से की जा सकेगी।
दुर्घटना! चंबा में खाई में गिरा ट्रक, 18 घायल
चंबा (हिमांचल प्रदेश),17 सितंबर 2018 । चंबा जिले के भारमौर और हुडसर के बीच सथाली में रविवार देर रात एक ट्रक के खाई में गिरने से 18 लोग घायल हो गये। घायलों में पांच की हालत गंभीर है।
चंबा की पुलिस अधीक्षक मोनिका भुटुनगुरू ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गयी और बचाव कार्य शुरू कर दिया। घायलों में 12 महिलाएं भी शामिल हैं। अधिकारी ने बताया कि चालक सहित सभी घायलों को भारमौर के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में तथा गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को अन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Views: 3









