पुलिस मुठभेड़ में गो-तस्कर घायलावस्था में साथी सहित गिरफ्तार

गाजीपुर। नोनहरा थाना पुलिस ने सोमवार की रात मुठभेड़ के दौरान एक शातिर गो-तस्कर को घायलावस्था में गिरफ्तार किया, जबकि उसके एक साथी को मौके से हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा व एक जिंदा कारतूस, पंजाब प्रांत के नंबर की डीसीएम तथा दस गोवंश बरामद कर लिया।
अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नोनहरा पुलिस रात में गश्त पर थी। उसी दौरान अटवा मोड़ चौकी प्रभारी ने सूचना दी कि संदिग्ध डीसीएम गाजीपुर घाट से मुहम्मदाबाद होते हुए बिहार की ओर जा रही है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने अटवा मोड़ पक्का पुल मंदिर के पास घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि वाहन सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई। वहीं उसके साथी गुरपंत सिंह निवासी लातोनदाना, थाना कुमकला, जिला लुधियाना को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल बदमाश परमजीत सिंह निवासी प्रतापगढ़, थाना कुमकला, जिला लुधियाना को पुलिस ने गिरफ्तार कर उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा। पूछताछ में आरोपितों ने पंजाब से गोवंश लादकर बिहार ले जाने की बात बताई।
पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष नोनहरा विवेक कुमार तिवारी सहित पुलिसकर्मी तथा अटवा मोड़ चौकी प्रभारी व उनकी टीम शामिल रही।
Views: 5








