चर्चित विनीत राय हत्याकांड के दो अन्य अभियुक्तों की हुई गिरफ्तारी

दोनों है लखटकिया वांछित मुख्य आरोपी शंकर पाण्डेय के भाई, पिता पहले ही हो चुका है गिरफ्तार


गाजीपुर। अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में कोतवाली सदर पुलिस द्वारा चर्चित विनीत राय हत्याकांड में दो अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गयी। 

          बताया गया कि प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह मय हमराह तथा उपनिरीक्षक विजय कुमार चौकी प्रभारी खुदाईपुरा थाना कोतवाली गाजीपुर मय टीम द्वारा 29 जून सोमवार को गाजीपुर घाट स्टेशन के पास चेकिंग के दौरान उपरोक्त हत्या से सम्बन्धित मुकदमें में प्रकाश में आये दो अभियुक्त सुमित पाण्डेय तथा सत्यप्रकाश पाण्डेय उर्फ मुनि पुत्रगण रविशंकर पाण्डेय उर्फ रवि शेखर पाण्डेय निवासी गौसाबाद, थाना कोतवाली जनपद गाजीपुर को गिरफ्तार कर लिया। उपरोक्त दोनों अभियुक्त सगे भाई हैं और हत्या काण्ड से सम्बंधित लखटकिया वांछित मुख्य अभियुक्त शंकर पाण्डेय के भाई हैं।

         उल्लेखनीय है कि गत 29 मई की रात बाइक सवार चार हमलावरों ने साथियों के साथ मिलकर, शहर के गौसाबाद स्थित बिन्दु होटल के बाहर ताबड़तोड़ गोलीबारी कर होटल संचालक आलोक राय के युवा पुत्र विनीत राय की हत्या कर दी थी। विनीत राय की हत्या से शहर में सनसनी फ़ैल गई। ला एण्ड आर्डर की धज्जियां उड़ाते हुए की गयी इस हत्या से होटल संचालकों, कारोबारियों, व्यापारियों और जनता में तीव्र रोष व्याप्त हो गया। पुलिस ने इस मामले में चार नामजद सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर हमलावरों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमों को सक्रिय किया। पुलिस ने हमलावरों की पहचान हेतु घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और साक्ष्यों को संकलित कर अन्य संदिग्धों की पहचान में लगी रही।                                                                        

            इस मामले में एक लाख के इनामियां वांछित अभियुक्त कमलेश चौधरी उर्फ़ कमलेश बिंद पुत्र तुफानी बिंद ग्राम गोड़ा देहाती गौशाबाद थाना कोतवाली जनपद गाज़ीपुर को तीन जून की रात पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया था। इसके बाद घटना में शामिल दो अभियुक्तों शिवम दुबे पुत्र शैलेश कुमार दुबे निवासी ग्राम रूहीपुर थाना कोतवाली जनपद गाजीपुर व रहमान अली उर्फ गोल्डेन पुत्र स्व. रहमतुल्लाह निवासी ग्राम सोहिलापुर बबेडी थाना कोतवाली जनपद गाजीपुर को 16 जून को चेकिंग के दौरान क्षेत्र के चौकिया मोड़ ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस की विवेचना में हत्या के षडयंत्र में प्रकाश में आये अभियुक्त रविशंकर उर्फ रविशेखर पाण्डेय पुत्र स्व. सत्यदेव पाण्डेय निवासी गौसाबाद थाना कोतवाली जनपद गाजीपुर को 25 जून को गिरफ्तार किया था जो हत्याकांड के लखटकिया वांछित मुख्य अभियुक्त शंकर पाण्डेय का पिता था और पश्चिम बंगाल के दमदम जेल में एनडीपीएस एक्ट में 15 वर्ष की कारावास में सजा पूरी कर जनवरी 2024 को रिहा हुआ था। 

Views: 61


Leave a Reply