देवल चौकी प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मी निलंबित

गाजीपुर। पुलिस हिरासत में लिए गए व्यक्ति के संदिग्ध परिस्थितियों में गायब होने की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक डा ईरज राजा ने प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर चौकी प्रभारी सहित चार पुलिस कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। कप्तान की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।


        बताते चलें कि गहमर थाना क्षेत्र के मनियां गांव निवासी अबुलैश खां के घर हुई चोरी के मामले में गहमर थाना पुलिस ने उसी गांव के सद्दाम अंसारी पुत्र सलमान अंसारी को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर अपने साथ ले गई थी। उसके बाद उसे न तो जेल भेजा गया और न ही छोड़ा गया और न तो उसके बारे में कोई स्पष्ट जानकारी दी गई। 

       सद्दाम के पिता सलमान अंसारी जब बेटे से मिलने गहमर थाने पहुंचे तो वहां से उन्हें यह कहकर देवल पुलिस चौकी भेज दिया गया कि  सद्दाम वहीं पर गया है। जब अपने बेटे की तलाश में वह देवल चौकी पहुंचे तो वहां उनका बेटा नहीं मिला। बाद में उन्हें बताया गया कि सद्दाम पुलिस चौकी से भाग गया है। 

      पुलिस के इस कथन से उनका माठा ठनका कि हिरासत में लेने के बाद पुलिस ने उसके साथ क्या किया कि सद्दाम अब तक घर नहीं लौटा। बेटे का कुछ पता न चलने पर किसी अनहोनी से चिन्तित सलमान अंसारी ने अन्त में पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा अपने बेटे की सकुशल वापसी की गुहार लगाई। 

     पुलिस अधीक्षक ने जब मामले की जांच कराई तो प्रथम दृष्टया पुलिस चौकी के पुलिसकर्मियों की लापरवाही पायी गयी। इस पर कार्रवाई करते हुए कप्तान ने देवल चौकी प्रभारी गामा लाल, मुख्य आरक्षी संकेंद्र राय तथा आरक्षी द्वय रुस्तम और रत्नेश को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। मामले की पुष्टि करते हुए गहमर थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकुमार तिवारी ने बताया कि इस पूरे मामले की विभागीय जांच हो रही है। 

Views: 37


Leave a Reply