फिल्म, ‘जान अभी बाकी है’ कल हो रही रिलीज

जिले की स्वप्निल ला रही हैं अपनी पहली फिल्म


गाजीपुर। जिले की लाडली स्वप्निल सिंह की पहली फिल्म जान अभी बाकी है’ शुक्रवार, 1 मई 2026 को पूरे देश के सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। करीब 35 करोड़ रुपये बजट की यह फिल्म करीब ढाई घंटे की है। आज की युवा पीढ़ी और पुरानी पीढ़ी के बीच के विचारों के अंतर को अच्छी तरह दिखाती है। फिल्म में स्वप्निल सिंह और प्रांजल शांडिल्य मुख्य भूमिका में हैं, जबकि मकरंद देशपांडे, बृजेंद्र काला समेत कई अन्य अनुभवी कलाकार भी महत्वपूर्ण किरदारों में नजर आएंगे। 

        उत्तराखंड के खूबसूरत पहाड़ी इलाकों में फिल्माई गयी फिल्म में स्वप्निल ‘धारा’ नामक  किरदार में नजर आएंगी, जो पर्यटन के शौक के चलते पहाड़ों पर जाती है और वहां एक टूरिस्ट गाइड (प्रांजल शांडिल्य) से मुलाकात के बाद फिल्म में रोमांटिक मोड़ आता है। रोमांस से भरपूर फिल्म में 8 से 10 गाने हैं।       स्वप्निल के अनुसार, एक नई कलाकार के रूप में मकरंद देशपांडे और बृजेंद्र काला जैसे अनुभवी वरिष्ठ कलाकारों के साथ स्क्रीन शेयर करना उनके लिए बहुत बड़ा अनुभव रहा। कहा कि कभी-कभी नर्वस होने से डायलॉग भूल जाना स्वाभाविक था, फिर भी कार्य के दौरान इन दिग्गजों से उन्होंने ढेर सारी बातें सीखीं। मकरंद देशपांडे को वे एक्टिंग का गॉड मानती हैं।

       उन्होंने कहा कि फिल्म के निर्देशक सत्यजीत मिश्रा काफी सख्त लेकिन समझदार डायरेक्टर हैं। स्वप्निल ने खासतौर पर ‘हमारी तुम्हारी’ गाने की शूटिंग का जिक्र किया, जिसमें सरसों के खेत में उन्हें एक शॉट के लिए करीब 30 रीटेक देने पड़े थे। संगीत को लेकर स्वप्निल काफी उत्साहित हैं। जुबिन नौटियाल और पलक मुच्छल जैसे मशहूर सिंगर्स के गानों पर परफॉर्म करना उनके लिए सपना पूरा होने जैसा अनुभव रहा।

    इस फिल्म को लेकर उत्साहित स्वप्निल ने सिने प्रेमियों व लोगों से अपील की है कि वे अपनी लड़की का उत्साह बढ़ाने के लिए 1 मई को परिवार के साथ सिनेमाघर त अवश्य पहुंचें। 

Views: 64


Leave a Reply