गुजरात के तीन दिवसीय ‘एक्सपोजर विजिट’ से वापस लौटे दोनों अध्यापक

गाजीपुर। शिक्षा की गुणवत्ता और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए, पीएम श्री योजना के तहत जिले के दो शिक्षकों ने गुजरात में सम्पन्न तीन दिवसीय ‘एक्सपोजर विजिट’ में भागीदारी कर जिले का नाम रोशन किया है। 


       इस विशेष कार्यक्रम हेतु जनपद से दो सहायक अध्यापक रविंद्र प्रसाद मौर्या (पीएम श्री कंपोजिट स्कूल, मरदह) व सुनील कुमार यादव (पीएम श्री कंपोजिट स्कूल कोर, शिक्षा क्षेत्र बिरनो) ने भागीदारी की।

       इस विजिट के दौरान प्रतिभागियों ने आईआईटी गांधीनगर और गुजरात के विभिन्न मॉडल स्कूलों का भ्रमण कर आधुनिक शिक्षण पद्धतियों की जानकारी ली।

कार्यक्रम सम्पन्न होने के बाद वापस आकर दोनों अध्यापकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान सी.सी.एल. आईआईटी गांधीनगर, साइंस सिटी अहमदाबाद और साबरमती आश्रम का भ्रमण किया। इसके अतिरिक्त, प्रतिभागियों को गुजरात के विभिन्न पीएम श्री विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था, स्मार्ट क्लास के प्रभावी प्रयोग और सामुदायिक सहभागिता के मॉडल्स को देखने और परखने का अवसर मिला।

        उल्लेखनीय है कि इस विजिट का मुख्य लक्ष्य विद्यालयों में छात्र-छात्राओं का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने, स्मार्ट क्लास के जरिए शिक्षा को रोचक बनाने, ‘कायाकल्प’ के अंतर्गत विद्यालयों का संस्कृतिकरण करने और नवाचार आधारित शिक्षण गतिविधियों को लागू करना रहा। कार्यक्रम से उत्साहित शिक्षकों ने कहा कि इससे उन्हें कक्षा शिक्षण को अधिक छात्र-केंद्रित और प्रभावी बनाने की प्रेरणा मिली है। वहां से प्राप्त ज्ञान और नवाचारों को वे अपने विद्यालयों में लागू कर शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने की कोशिश करेंगे।

Views: 14

Advertisements

Leave a Reply