वैश्विक कल्याण हेतु जागरूक करना भी हैँ शिक्षा का उद्देश्य : प्रो. वंदना सिंह

एन एस एस  शिविर में कुलपति ने दिया विश्व शांति एवं जल संरक्षण का संदेश 


जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर को सम्बोधित करते हुए कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने कहा कि “शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं है बल्कि मानवीय संवेदनाओं और वैश्विक कल्याण के प्रति सभी को जागरूक करना भी है। उन्होंने कहा कि युद्ध कभी भी किसी समस्या का स्थायी समाधान नहीं होता। शांति ही मानवता का एकमात्र भविष्य है।

शांति केवल युद्ध की अनुपस्थिति नहीं है, बल्कि यह हमारे भीतर की एक स्थिति है। जब तक व्यक्ति का मन शांत नहीं होगा तब तक विश्व में शांति की स्थापना संभव नहीं है। वर्तमान में जो संघर्ष हम देख रहे हैं, उसका समाधान केवल संवाद और ध्यान की शक्ति से ही किया जा सकता है।”

      विश्वविद्यालय में संचालित एन एस एस के विशेष शिविर के पंचम दिवस पर कुलपति प्रो. वंदना सिंह के नेतृत्व में वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों के दृष्टिगत विशेष सत्र का आयोजन किया गया था। विश्व शांति के निमित्त आयोजित सामूहिक ज्ञान एवं ध्यान सत्र में 

कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में वैश्विक भाईचारे और शांति का संदेश फैलाना अत्यंत आवश्यक है। 

        इसके साथ ही उन्होंने विश्व जल दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय में अंतर्विषयक ऊर्जा एवं जल संस्थान की स्थापना की पहल को भी महत्वपूर्ण कदम बताते हुए जल संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

        शिविर के द्वितीय सत्र में विश्व जल दिवस के अवसर पर “जल और लैंगिक समानता” थीम के अंतर्गत डॉ. श्याम कन्हैया, डॉ. अजय विक्रम सिंह एवं प्रो. देवराज सिंह ने कहा कि “जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। जल संसाधनों तक समान पहुंच सुनिश्चित करना सामाजिक न्याय और सतत विकास के लिए अनिवार्य है। जल प्रबंधन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाकर ही हम वास्तविक समानता स्थापित कर सकते हैं।”

स्वयंसेवकों द्वारा जल संरक्षण विषय पर प्रस्तुति दी गई तथा विश्वविद्यालय परिसर स्थित अमृत सरोवर में स्वच्छता अभियान चलाकर जन-जागरूकता का संदेश दिया गया।

         इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह, डॉ. अजय मौर्य, डॉ. विशाल यादव, डॉ. प्रमेन्द्र विक्रम सिंह, डॉ. शशिकांत यादव के साथ ही साथ स्वयंसेवकों सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं कीउपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनुराग मिश्र द्वारा किया गया।

Views: 10

Advertisements

Leave a Reply