गुरु कृपा से प्रशस्त होता है मुक्ति का मार्ग – माधव कृष्ण
गाजीपुर। परमहंस बाबा गंगारामदास द्वारा प्रवर्तित मानव धर्म व्याख्यानमाला का आयोजन त्रिलोकपुर धुरहरा गांव में सम्पन्न हुआ। श्री गंगा आश्रम बयेपुर देवकली के सर्वराहकार भोला बाबा ने श्री महाराज जी के चित्र पर माल्यार्पण, पुष्पार्चन और दीप प्रज्वलन कर किया।
मुख्य वक्ता माधव कृष्ण ने कहा कि, विद्यालय का अर्थ केवल किताबें और परीक्षाएं नहीं है। विद्यालय की हर गतिविधि बच्चे को कुछ न कुछ सिखाती है, घर रहकर या ऑनलाइन क्लासेज से बच्चे की शिक्षा पूर्ण नहीं हो सकती। उसी तरह सद्गुरु परमहंस बाबा गंगारामदास जी के द्वारा स्थापित आश्रम, मानव धर्म प्रसार समाजसेवी संस्था, गांवों में स्थापित शाखाएं, वार्षिक सम्मेलन और न्याय समितियां एक विद्यालय की तरह है। इनमें उनका प्रकाश है। गुरु के आश्रम और गतिविधियों में लग जाने से मनुष्य के आचरण और आध्यात्मिकता में सकारात्मक परिवर्तन होने शुरू हो जाते हैं।
राजिंदर साहब ने कहा कि, महाराज जी सत्य बोलने पर बड़ा बल देते थे, हम लोगों को इसका प्रयास करना चाहिए कि झूठ न निकले। इंद्रदेव सिंह ने कहा कि, मानव धर्म में जाति का नहीं बल्कि मनुष्यता का महत्व है। कार्यक्रम में कवि बाबा, गजराज बाबा, वीरेंद्र बाबा, वीरेंद्र, अजय, गोपी इत्यादि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन साहिब सिंह यादव ने किया। समापन श्रीमहाराज जी की आरती और सामूहिक भोज प्रसाद से हुआ।
Views: 22









