बाबा हरदेव महाराज के जन्म दिवस पर हुई नदी घाट की साफ-सफाई
गाजीपुर। ‘स्वच्छ जल, स्वच्छ मन’ कार्यक्रम का आयोजन कर भक्तों ने निरंकारी मिशन के चौथे सद्गुरु बाबा हरदेव महाराज का जन्म दिवस रविवार को मनाया। इस अवसर पर निरंकारी भक्तों ने बहरियाबाद स्थित उदंती नदी घाट की साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। इससे पूर्व कार्यक्रम में निरंकारी भवन से निरंकारी सेवादल के सदस्यों और अन्य भक्तों ने एक जागरूकता रैली निकाली। यह रैली उदंती नदी तक पहुंची, जहां सभी ने मिलकर घाट की साफ-सफाई की।
कार्यक्रम का शुभारंभ शाखा प्रमुख अमित सहाय ने सुमिरन कराकर किया। इसके बाद निरंकारी भवन पर सत्संग में संत श्यामप्यारी सिंह ने कहा कि निरंकारी बाबा एक मसीहा थे, जिनका जीवन और हर क्षण मानवता के लिए समर्पित रहा। वहीं भक्ति गीतों का सिलसिला भी चला। अन्य वक्ताओं ने बाबा हरदेव के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में सेवादल के संचालक शिवकुमार, मुकेश कुमार, बबिता कन्नौजिया, जयराम सिंह, दुर्गा यादव, संजीव बरनवाल, अनिरुद्ध कुशवाहा, रामचंद्र चौहान सहित काफी संख्या में भक्त जन मौजूद रहे। संचालन अमित सहाय और दयाशंकर ने संयुक्त रूप से किया।
Views: 12







