एचडीएफसी बैंक शाखा का आयुक्त ने किया उद्घाटन
वित्तीय साक्षरता व बैंकिंग से जोड़ने में सामुहिक प्रयास आवश्यक – एस. राजालिंगम
गाज़ीपुर। ग्रामीण एवं अर्द्धशहरी क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार हेतु नन्दगंज बाजार में एचडीएफसी बैंक की नई शाखा का शुभारम्भ आयुक्त, वाराणसी मंडल एस. राजालिंगम द्वारा फीता काट कर किया गया।
कार्यक्रम के शुभारंभ के अवसर पर जोनल हेड मनीष टंडन ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए बैंक की उपलब्धियों, उत्कृष्ट प्रदर्शन तथा भविष्य की दूरदर्शी योजनाओं पर प्रकाश डाला। वहीं क्लस्टर हेड कृष्णा मिश्रा एवं शाखा प्रबंधक मनजीत सिंह ने विशेष अतिथियों एवं ग्राहकों का स्वागत किया।
अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि एस. राजालिंगम आयुक्त वाराणसी ने बैंक को शुभकामनाएँ देते हुए दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण बैंकिंग सेवाएँ उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने बैंक के उत्पादों एवं सेवाओं की प्रशंसा की और नवनियुक्त शाखा प्रबंधक को बधाई दी। उन्होंने क्षेत्र में वित्तीय साक्षरता बढ़ाने और अधिकाधिक लोगों को औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया। शाखा उद्घाटन के अवसर पर क्षेत्रीय व स्थानीय गणमान्य नागरिकों, ग्राहकों एवं बैंक कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने बैंक के प्रति क्षेत्रीय विश्वास एवं जुड़ाव को सुदृढ़ रूप से प्रदर्शित किया।
Views: 52









