जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने सुनी पीड़ितों की समस्याएं, दिये सख्त निर्देश
अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं, भूमाफिया व दबंगों के खिलाफ जारी रहेगी कठोर कार्रवाईः मुख्यमंत्री
गंभीर बीमारियों के इलाज में भरपूर आर्थिक सहायता का आश्वासन
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ में आये प्रदेश के विभिन्न जनपदों के आवेदकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। आमजनों के प्रार्थना पत्र लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अवैध कब्जा कतई बर्दाश्त नहीं है। भूमाफिया और दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जार होती रहेगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को त्वरित व संतुष्टिपरक निस्तारण का निर्देश देने के साथ ही लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार आपकी समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जनपद स्तर पर कानून व राजस्व के प्रकरण में तेजी से सुनवाई करते हुए निस्तारण करने का आदेश दिया। जमीन कब्जा व मारपीट में मुख्यमंत्री ने प्रशासन और जनपद, मंडल, रेंज व जोन के पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि दबंगों व भूमाफिया के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई नियमित रूप से जारी रखें।
मुख्यमंत्री ने गंभीर बीमारी से जूझ रहे पीड़ितों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग पर कहा कि आप हॉस्पिटल से जल्द एस्टिमेट बनवाकर दें, एस्टिमेट मिलते ही आपके इलाज में सरकार तुरंत आर्थिक मदद करेगी। धन के अभाव में इलाज नहीं रुकेगा।
‘जनता दर्शन’ में अपने अभिभावकों के साथ कई बच्चे भी पहुंचे थे। नन्हे-मुन्ने बच्चों के सामने सीएम योगी का बालप्रेम फिर उमड़ पड़ा। मुख्यमंत्री ने बच्चों का हाल जाना, उन्हें दुलारा-पुचकारा और चॉकलेट दी। मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से कहा कि ठंड में बच्चों का विशेष ध्यान रखें। यह अपनत्वपूर्ण भाव सुनकर अभिभावकों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।
Views: 83








