नि:शुल्क नेत्र व स्वास्थ्य परीक्षण शिविर सम्पन्न
गाज़ीपुर। सृष्टि सेवा ट्रस्ट बरहीं के तत्वावधान में गोविंदपुर (बरही) स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क, मठिया में नि:शुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में करीब दो सौ लोगों का परिक्षण किया गया। ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष राजकुमार मौर्य के प्रयास से आयोजित शिविर में क्षेत्र के गरीब, असहाय, बुजुर्ग एवं जरूरतमंद लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं और नि:शुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में आंखों की जांच, मोतियाबिंद, सिरदर्द, शुगर, ब्लड प्रेशर, सर्दी बुखार सहित अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की जांच कर मरीजों को परामर्श के साथ नि:शुल्क दवाओं का वितरण किया गया।
इस शिविर में महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्य मेडिकल कॉलेज,गाज़ीपुर की नेत्र सर्जन डॉ. स्नेहा सिंह, मरदह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. रवि रंजन, नेत्र परीक्षण अधिकारी डॉ. मनोज कुमार सहित मरदह, मनिहारी व बिरनो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की अनुभवी चिकित्सकीय टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
इस अवसर पर समाजसेवी राजकुमार मौर्य ने कहा कि सृष्टि सेवा ट्रस्ट “सेवा ही संकल्प” के ध्येय और “भ्रष्टाचार मुक्त गांव हो अपना” के संकल्प के साथ निरंतर जनसेवा में संलग्न है। कार्यक्रम में यूनाइटेड मीडिया पत्रकार एसोसिएशन के अध्यक्ष उपेन्द्र यादव, पत्रकार कृपाशंकर यादव, मुनेश्वर सागर, अनिल मौर्य, सावित्री मौर्य, क्रय-विक्रय समिति जंगीपुर के उपाध्यक्ष राकेश यादव, अरुण वर्मा, राजेंद्र यादव सहित क्षेत्र के गणमान्य व स्थानीय जन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अखिलेश मौर्य ने किया।
शिविर के सफल समापन पर ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष द्वारा सभी चिकित्सकों एवं अतिथियों को पुष्पहार व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित कर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
Views: 21








