भावभीनी विदाई से अभिभूत हुए शैलेन्द्र सिंह
गाज़ीपुर। शनिवार 30 अगस्त को स्नातकोत्तर महाविद्यालय मलिकपूरा परिवार द्वारा अपने प्रिय सहकर्मी पुस्तकालय सहायक शैलेन्द्र प्रताप सिंह को उनकी सेवानिवृत्ति के अवसर पर भावभीनी विदाई दी।
संपूर्ण स्टाफ और विद्यार्थियों की उपस्थिति में सम्पन्न कार्यक्रम महाविद्यालय परिवार की एक नई सकारात्मक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा।
इस हर्षोल्लास एवं भावुकता पूर्ण कार्यक्रम की अध्यक्षता डीन ऑफ स्टूडेंट्स डॉ. शिव प्रताप यादव ने की। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार के सभी शिक्षक-शिक्षणेत्तर कर्मियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए श्री सिंह के कार्यकाल को स्मरण किया। सभी वक्ताओं ने उनकी सेवा-निष्ठा, सरलता और सौहार्दपूर्ण स्वभाव की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
समारोह में महाविद्यालय के एनसीसी प्रभारी प्रो. चंद्रभान सिंह ने भावुक होते हुए कहा कि “श्री शैलेन्द्र प्रताप सिंह सदैव अपने कर्तव्य के प्रति समर्पित रहे। उनकी सादगी और सहयोगी स्वभाव ने उन्हें सभी का प्रिय बना दिया।” कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ. पूजा साहू ने किया। कार्यक्रम का समापन विदाई संदेश एवं मंगलकामनाओं के साथ हुआ, जिसमें सभी ने श्री शैलेन्द्र प्रताप सिंह को भावभीनी विदाई दी।
Views: 108









