महाराज श्री के आविर्भाव दिवस पर होगा भव्य कार्यक्रम
गाजीपुर। प्रसिद्ध सिद्धपीठ हथियाराम मठ के 26वें पीठाधिपति व जूना अखाड़ा के वरिष्ठ महामंडलेश्वर स्वामी श्री भवानीनन्दन यति जी महाराज का प्राकट्योत्सव (आविर्भाव दिवस) भाद्रपद के शुक्ल पक्ष की राधाष्टमी पर 31 अगस्त रविवार को श्रद्धालुओं व भक्तजनों द्वारा भव्य ढंग से मनाया जाएगा। इस अवसर पर देश के विभिन्न प्रांतों व क्षेत्रों से शिष्य श्रद्धालु और संत-महात्माओं का आगमन होगा। उस दिन जहां वैदिक ब्राह्मणों द्वारा धार्मिक अनुष्ठान करेंगे, वहीं शिष्य-श्रद्धालु गुरू पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। कार्यक्रम का आरम्भ में वैदिक ब्राह्मणों द्वारा गुरु पूजन, स्वस्तिवाचन व मंगलाचरण से होगा। धार्मिक अनुष्ठान और संत-महात्माओं के प्रवचन के उपरांत श्रद्धालुजन भंडारे से महाप्रसाद ग्रहण करेंगे।
उल्लेखनीय है कि सिद्धपीठ हथियाराम मठ के पीठाधिपति महामंडलेश्वर स्वामी भवानीनंदन यति इन दिनों अपना चतुर्मास महानुष्ठान सम्पादित कर रहे हैं। चातुर्मास के दरम्यान पड़ने वाली भाद्रपद शुक्ल पक्ष की अष्टमी (राधाष्टमी) पर महामंडलेश्वर का आविर्भाव दिवस मनाया जाता है। इस मौके पर संत-महात्मा, कन्या पीजी कालेज की छात्राओं व श्रद्धालुओं की तरफ से गुरु महाराज का अर्चन-वंदन व यथासामर्थ्य उपहारादि भेंट करते हुए उनके दीर्घायु की कामना की जायेगी।
Views: 33









