अर्थिंग प्लेट उखड़ने से यात्रियों को खतरे का अंदेशा
गाजीपुर। वाराणसी भटनी रेल मार्ग के सादात रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर लगे बिजली के खंभों की अर्थिंग प्लेट उखड़कर प्लेटफॉर्म के फर्श पर फैलकर यात्रियों को चोटिल कर रही हैं।
बताते चलें कि प्लेटफॉर्म पर प्रत्येक बिजली के खंभे से अर्थिंग प्लेट लगा है, जो प्लेटफार्म के फर्श के भीतर अंदर ढंका गया है। समुचित व्यवस्था के अभाव में इनमें से कई अर्थिंग प्लेट उखड़कर जमीन से बाहर निकल कर फर्श पर फैल गयी हैं। इनमें फंसकर यात्री प्रायः गिरकर चोटिल हो रहे हैं। अर्थिंग प्लेट का उखड़ना एक गंभीर चिंता का विषय है, वफिर भी अभी तक इसे दुरुस्त न कराना जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों की निष्क्रियता दर्शाता है।
उल्लेखनीय है कि अर्थिंग प्लेटें, विद्युत सुरक्षा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, जो विद्युत उपकरणों को ग्राउंड करके बिजली के झटके से बचाती हैं। ये उखड़ी प्लेटें यात्रियों के लिए एक खतरा हैं। इसमें फंसकर वे ठोकर खाकर गिर सकते हैं। इसके अलावा, उखड़ी हुई अर्थिंग प्लेटें विद्युत खतरों को भी बढ़ा सकती हैं, जिससे यात्रियों को बिजली का झटका लगने का खतरा बना हुआ है।
नगरवासी दिलीप जायसवाल, मनोज कुमार जायसवाल, डब्लू मोदनवाल, अनिल कुमार, काशी कुशवाहा, रामबचन आदि ने इस गंभीर समस्या पर रेलवे प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए यथाशीघ्र दुरुस्त कराने की मांग की है। इस बाबत स्टेशन मास्टर एस एन सिंह ने बताया कि समय समय पर स्टेशन पर आने वाले ट्रेक्शन रेलवे डिपार्टमेंट (टीआरडी) औड़िहार के कर्मचारियों को इससे अवगत कराया जा चुका है।
Views: 75








