हमलावरों ने ग्राम प्रधान व उनके सहयोगियों पर किया हमला
गम्भीर स्थिति में वाराणसी अस्पताल में जारी है इलाज
गाजीपुर। विकास खंड सादात के पलिवार ग्राम पंचायत के प्रधान व उनके दो सहयोगियों पर शनिवार की देर रात गांव के ही कुछ लोगों ने पीट कर घायल कर दिया। हमलावरों ने फावड़ा और लाठी डंडे से पीटकर ग्राम प्रधान बलवंत कुमार (32वर्ष) पुत्र बजरंगी राम को लहुलुहान कर सड़क पर छोड़कर मौके से भाग निकले।
ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची बहरियाबाद थाना पुलिस ने घायलावस्था में तीनों लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सैदपुर भिजवाया। घायलों की गम्भीर स्थिति देखकर चिकित्सक ने उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया। वहां निजी अस्पताल में इलाज जारी रहा, जिसमें ग्राम प्रधान बलवंत कुमार की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। घटना के बारे में ग्राम प्रधान के चचेरे भाई सन्नी ने पुलिस को बताया कि प्रधान बलवंत कुमार गांव के श39 वर्षीय बृजेश कुमार पुत्र सनेही राम और वह स्वयं घर पर रात के समय खाना खाकर बैठे थे। उसी समय किसी का फोन आया और वह मिलने के लिए बृजेश के साथ बाहर चले गए। तभी बाहर शोर सुनाई दिया और बाहर आने पर उसने देखा कि घर से 50 मीटर आगे नहर पुलिया के पास गांव के पूर्व प्रधान और उनके पुत्रों सहित सात आठ लोग लाठी डंडा और फावड़ा से प्रहार कर बलवंत और बृजेश को अधमरा कर दिये। उसके वहां पहुंचने पर उसकी भी पिटाई किए, जिससे उसके हाथ में फ्रैक्चर हो गया। ग्राम प्रधान के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट लगी थी। पुलिस ने सैदपुर सीएचसी भिजवाया जहां से घायलों को वाराणसी रेफर कर दिया गया।
बहरियाबाद थानाध्यक्ष दिनेश चन्द्र पटेल ने बताया कि घटना के बारे में आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि घायल ग्राम प्रधान के माता, पिता और पत्नी तथा बच्चे दिल्ली में रहते हैं। परिवार की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
Views: 494








