प्रधान ने किया ग्राम पंचायत की भूमि पर कब्जा
मामला फंसता देखकर बदला ठिकाना
गाजीपुर। मुहम्मदाबाद तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत हुस्सेपुर कोठिया की ग्राम पंचायत की भूमि पर अवैध कब्जा कर मकान बना लेने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम प्रधान प्रीति व उनके पति शैलेश द्वारा ग्राम पंचायत की जमीन गाटा संख्या- 95 व 97 और गाटा संख्या 44 पर स्थायी मकान का निर्माण करा लिया गया। उसी मकान में वह अपने पूरे परिवार के साथ रहती हैं। इस अवैध निर्माण को लेकर गांव के संभ्रांत लोगों की शिकायत पर इन सभी गाटा संख्या की पैमाइश क्रमशः 9 फरवरी व 25 जून को उपजिलाधिकारी द्वारा नायब तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व कर्मियों द्वारा कराई गयी। पैमाइश में ग्राम प्रधान परिवार द्वारा वहां स्थायी निर्माण व अतिक्रमण पाया गया। जिसकी रिपोर्ट लेखपाल व कानूनगो द्वारा अतिक्रमण के विरुद्ध मुकदमा 67 (1) की कार्यवाही के लिए अपने उच्चाधिकारियों को प्रेषित की गई। यहां मजेदार बात यह रही कि लेखपाल ने ग्राम प्रधान के दबाव में आकर ग्राम प्रधान पति के सगे भाई दीपक पुत्र राधेश्याम और परिवार के अन्य सदस्यों के विरुद्ध मुकदमा 67 (1क) की कार्यवाही की। लेखपाल द्वारा प्रेषित रिपोर्ट में यह बताया गया कि ग्राम प्रधान प्रीति व उसके पति शैलेश उस मकान में नहीं रहते हैं। इस बात को ग्राम वासी पूरी तरह नकारते हुए कहते हैं कि दोनों भाई शैलेश व दीपक अपनी माँ व अपने परिवार के साथ उसी मकान में रहते हैं जो ग्राम पंचायत की भूमि पर अवैध कब्जा कर बनाया गया है। इस मामले को लेकर गांव में प्रधान परिवार की किरकिरी हो रही है कि जो स्वयं सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर रहा है वह किसी अन्य अवैध कब्जे धारक को ऐसा करने से कैसे रोक सकेगा। स्थिति को देखते हुए अब प्रधान पाला बदलने लगा है और अब अन्यत्र ठौर की तलाश में है। ग्रामवासियों ने इस प्रकरण पर उच्चाधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए प्रधान के अवैध कार्य पर रोक लगाते हुए उसके विरुद्ध विधिक कार्यवाही करने की मांग की है।
Views: 207









